
घुमारवीं – सुभाष चंदेल
शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए लागू की गई ई-चालान व्यवस्था का तोड़ बिगड़ैल वाहन चालकों ने निकाल लिया है। ई-चालान से बचने के लिए दोपहिया तथा अन्य वाहनों के आगे चालकों ने नंबर प्लेटों से छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी है। फर्राटा भरने वाले इन वाहन चालकों ने चालान से बचने के लिए पैंतरा भी बदल लिया है।
चालान से बचने के लिए अपना रहे ये तरीके
ये वाहन चालक तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं और वाहन की नंबर प्लेट से खिलवाड़ करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। कोई नंबर प्लेट पर लिखे नंबर पर स्क्रैच मार रहा है तो कोई कालिख लगाकर चल रहा है और कई नंबर प्लेट के ऊपर काले रंग की टेप लगाकर अपने वाहनों को सड़क पर दौड़ा रहे हैं। कई वाहन चालक डिजाइन नंबर प्लेट से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने में लगे हैं।
चेकिंग से बचने के लिए नंबरो से छेड़छाड़
ऐसे में यातायात पुलिस को भी इन पर कार्रवाई करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालांकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस कार्रवाई करती है, लेकिन वाहनों के नंबर से खिलवाड़ करने वालों का चालान काटना पुलिस के लिए मुश्किल होता जा रहा है। गाड़ी के नंबर से एक या दो अंक गायब कर देना यातायात पुलिस की चेकिंग से बचने का एक नया तरीका बन गया है।
गाड़ी की नंबर प्लेट से खेल
दरअसल आजकल पुलिस वाहनों की चेकिंग के दौरान ई-चालान कर रही है, अगर किसी ने हेलमेट नहीं पहना है तो उसकी फोटो और गाड़ी की फोटो लेकर चालान कर देते हैं। इसके बाद यातायात पुलिसकर्मी गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर से गाड़ी मालिक के पते पर भेज देते हैं। ऐसे में चालान से बचने के लिए लोग गाड़ी की नंबर प्लेट से खेल कर रहे हैं।
बड़ी दुर्घटना होने की संभावना
हालांकि शहर में वाहन इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट सिस्टम की शुरुआत भी की जा रही है, ताकि बिगडैल चालकों पर शिकंजा कसा जा सके, लेकिन यह सिस्टम भी ऐसे बिगड़ैल वाहन चालकों का कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा क्योंकि आधे अधूरे नंबरों के साथ वाहन की पहचान करना कैमरे को भी मुश्किल हो जाएगा।
ऐसे में अगर ऐसे वाहन चालक किसी बड़ी दुर्घटना अथवा किसी अन्य बड़ी घटना में शामिल होता है तो उसे तलाश कर पाना भी पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो सकता है।
