हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जनपद के थुरल क्षेत्र के बैरघट्टा में हुई खौफनाक रोडरेज वारदात में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया था।
जब थार गाड़ी में सवार युवकों ने वोल्वो बस के चालक, परिचालक और अन्य कर्मियों पर चाकुओं से हमला कर दिया और पिस्टल से हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। अब जांच के दौरान उसी थार वाहन से नशीले पदार्थ और हथियारों की बरामदगी ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है।
घटना के बाद पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने उसी थार गाड़ी से भारी मात्रा में नशीली दवाइयाँ, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस थाना भवारना में दर्ज FIR के तहत 09 अप्रैल को शिकायतकर्ता की निशानदेही पर मौके का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान आरएफएसएल (RFSL) धर्मशाला की टीम ने आरोपी बलबिंदर सिंह की मौजूदगी में थार वाहन की गहन जांच की। जांच के दौरान वाहन के अंदर से अलग-अलग प्रकार की नशीली दवाइयों की सैकड़ों गोलियां, जिनमें 675 संदिग्ध कैप्सूल (बिना मार्किंग), 6 जिंदा कारतूस, एक रिवॉल्वर (.357 Magnum), एक 11 इंच लंबा चाकू बरामद हुआ।
नशीले पदार्थ और हथियार की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट (ND&PS Act) की धारा 22 भी जोड़ दी है, जिससे यह केस अब और गंभीर हो गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय जेएमएफसी (JMFC) पालमपुर की अदालत में पेश किया।
जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि नशीली दवाइयों का नेटवर्क क्या है, हथियार कहां से आए और हादसे के पीछे कोई अन्य साजिश तो नहीं।

