एनएचएआई ने निजी कंपनी से शुरू करवाया काम, 335 मीटर होगी लंबाई, दो हजार टन स्टील होगा इस्तेमाल
नूरपुर – स्वर्ण राणा
हिमाचल-पंजाब राज्य को जोडऩे वाले चक्की के पुराने व इसी के साथ बनने वाले नए चक्की पुल के बचाव के लिए एनएचएआई अब एक नया चैकडैम बनवाने जा रही है, जिस पर लगभग सौ करोड़ रुपए खर्च होंगे।
एनएचएआई ने चैकडैम का काम शुरू करवा दिया है, जिसे आईआरबी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। इस चैक डैम के बनने के बाद चक्की पुल को बड़े वाहनों के लिए खोला जा सकता है।
इससे पहले एनएचएआई मौजूदा चक्की सडक़ पल के प्रभावित पिल्लरों के बचाव के लिए चक्की खड्ड में अप स्ट्रीम व डाउन स्ट्रीम में कर्टेन वाल लगवा चुकी है और अब विशेषज्ञों की रॉय पर चैक डैम बनवा रही है। यह चैक डैम रेलवे पुल से आगे बनाया जा रहा है, जिससे सभी पुल सुरक्षित हो सकेंगे।
इस चैक डैम में धीरे-धीरे चक्की खड्ड का रेत, बजरी, पत्थर व मिट्टी आदि जमा होगी और इसका भू कटाव बंद हो जाएगा। गौर रहे कि पिछले साल अगस्त माह में चक्की खड्ड में भारी बाढ़ आने से चक्की सडक़ पुल प्रभावित हुआ था।
बाद में एनएचएआई ने आईआईटी रुडक़ी के विशेषज्ञों से दौरा करवाकर इसके बचाव को लेकर उनका सुझाव लिया था। स्थायी समाधान के लिए अब यह चैक डैम लगाया जा रहा है।
इस बारे आईआरबी कंपनी के सीजीएम हरप्रीत सिंह ने बताया कि चक्की खड्ड पर एनएचएआई के पुलों के बचाव के लिए चैक डैम बनाने का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस बारे एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पालमपुर विकास सुरजेवाला ने बताया कि चक्की के मौजूदा पुल व नए बनने वाले पुल के बचाव को लेकर चक्की खड्ड में लगभग सौ करोड़ की लागत से एक चैक डैम बनाया जा रहा है, जिसे बरसात से पहले पूरा किया जाएगा।
कुछ ऐसा होगा चैकडैम
चक्की खड्ड पर बन रहा यह चैक डैम लगभग 335 मीटर लंबा व 18 मीटर ऊंचा होगा जोकि सतह से जमीन के अंदर 6 मीटर गहरा होगा और सहत से 12 मीटर ऊंचा होगा। इसके बेस की चौड़ाई 6 मीटर होगी और टॉप लगभग डेढ़ मीटर होगा। इस चैक डैम की दीवार को मजबूत बनाने के लिए इसमें लगभग दो हजार टन स्टील का प्रयोग होगा और इसके निर्माण कार्य पर लगभग 100 करोड़ की लागत आएगी तथा इसे बरसात से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

