नगरोटा बगवां में 25-26 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, देश की नामी 70 कंपनियां खोलेंगी रोजगार के द्वार, क्यूआर कोड से अभ्यर्थी करवाएं अपना पंजीकरण
हिमखबर डेस्क
चंबा और कांगड़ा जिले के 3,500 शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों को नौकरी का मौका मिलेगा। नगरोटा बगवां के विधायक एवं कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली और श्रम एवं रोजगार विभाग के तत्वावधान में मेगा रोजगार मेला 25 और 26 जुलाई को नगरोटा बगवां में होगा।
यह मेला सुबह 9:00 से लेकर सायं 4:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मेगा रोजगार मेले में देश की 70 नामी कंपनियां दो दिनों में शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार के साथ जोड़ेंगी। मेगा रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, बायोडाटा सहित फोटो लेकर उपस्थित होना होगा।
साथ ही अभ्यर्थी क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद ठाकुर ने बताया कि 25 और 26 जुलाई को नगरोटा बगवां के राजकीय महाविद्यालय के समीप ओबीसी भवन में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में देश की 70 निजी कंपनियों की ओर से चंबा-कांगड़ा जिले के 3,500 के करीब विभिन्न श्रेणियों के पद योग्यतानुसार और अच्छे वेतनमान पर भरे जाएंगे। उन्होंने शिक्षित बेरोजगारों से इस मेगा रोजगार मेले में भाग लेकर अपना भविष्य सुरक्षित करने की बात कही है।

