मेडिकल कालेज चंबा में इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा शव
चम्बा – भूषण गुरुंग
चंबा शहर के साथ लगते सुल्तानपुर में निजी अस्पताल में काम करने वाली युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। युवती की उम्र 22 वर्ष है। वह रविवार सुबह घर से निजी अस्पताल में ड्यूटी के लिए निकली थी। शाम को बालू के पास अचेत अवस्था में मिली।
युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। युवती को वहां से गुजरने वाले लोगों ने अचेत अवस्था में देखकर पूछताछ की तो उसने जहरीला पदार्थ खाने की बात कही। लोगों की इसकी सूचना तुरंत पुलिस विभाग को दी। सूचना पर चंबा थाना से पुलिस टीम बालू पुल के पास पहुंच गई।
युवती को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। रात को उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सोमवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट की देखरेख में युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। परिजनों के बयान भी कमलबद्ध किए।
युवती ने आखिरकार क्यों जहरीला पदार्थ खाया। इसको लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही युवती की मौत के राज से पर्दा उठ पाएगा। पुलिस ने आरंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर इस संदर्भ में सीआरपीसी 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है।
उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर चंबा जितेंद्र चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के हवाले कर दिया है।

