गंगथ लिंक मार्ग पर छौंछ खड्ड पर बने पुल की एप्रोच धंसने से सड़क पर बनी गहरी खाई
राजा का तालाब – अनिल शर्मा
लगातार हो रही बारिश का कहर अब सड़कों व पुल के एप्रोच मार्ग को भी झेलना पड़ रहा है। मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश की वजह से गनोह-गंगथ सड़क पर घटोट गांव के पास बने पुल की एप्रोच धंस जाने से रोजाना वाहनों से आवाजाही करने वाले सैंकड़ों लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
राजा का तालाब व गनोह से गंगथ, इंदौरा , काठगढ़ को जाने वाले लिंक मार्ग पर मंगलवार सुबह भारी बारिश की वजह से घटोट के पास छौंछ खड्ड पर बने पुल की एप्रोच धंस गई।

जिससे लगभग पंद्रह फीट गहरी व दस फीट चौड़ी गहरी खाई बन गई। ऐसे में इस मार्ग पर रोजाना सफर करने वाले सैंकड़ों लोगों को भरी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गनीमत यह रही कि साइड पर लगाए दोनो तरफ के डंगों व पुल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। पुल की एप्रोच के धंसने से क्षेत्र के करीब 10 गांवों का आवागमन बंद हो गया।
जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग को सुचारू रूप से चलाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया।
अधिशासी अभियंता विश्वजीत शर्मा के बोल
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विश्वजीत शर्मा ने बताया कि अप्रोच क्रेट में छोंछ खड्ड का अपनी आने से अप्रोच क्रेट वह गए हैं।
जानकारी मिलते ही विभागीय टीम को भेज दिया गया है। युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। जल्द ही मार्ग को सुचारू रूप से चला दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभी तक नूरपुर में बरसात के कारण करीबन 3 करोड़ का नुकसान हो चुका हैं।

