
ज्वाली – अनिल छांगु
प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप हिमख़बर में बुधवार को ‘डर-डर के जी रहे बूढ़ी मां, बेटा’ नाम से चली खबर का असर देखने को मिला। खबर चलते ही जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने कड़ा संज्ञान लिया। जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने एसडीएम जवाली को निर्देश दिया कि बुजुर्ग महिला के घर जाकर रिपोर्ट तैयार कर अतिशीघ्र डीसी कार्यालय में मुहैया करवाएं।
निर्देश मिलते ही जवाली प्रशासन एक्शन में आ गया तथा एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित पटवारी को साथ लेकर बुजुर्ग महिला के मकान का जायजा लिया। एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने फारियां पंचायत प्रधान सहित प्रतिनिधियों को भी मौका पर बुलाया तथा आईआरडीपी में होने के बावजूद भी उनको मुख्यमंत्री आवास योजना व प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल करके पक्का मकान न दिलवाने का कारण भी पूछा।
बुजुर्ग महिला ज्ञानो देवी ने बताया कि मैं और मेरा बेटा जर्जर मकान में रहने को मजबूर हैं। पहले मकान का एक कमरा गिर गया था और अब बरामदा भी गिर गया है। भगवान भरोसे ही रात को खस्ताहालत मकान में सोते हैं। बारिश होने पर तो रात को जागते ही रहते हैं।
ज्ञानो देवी ने बताया कि पंचायत प्रधान को कई बार अवगत करवाया गया लेकिन आजतक यही सुनने को मिला कि वर्ष 2015 में मुख्यमंत्री आवास योजना में मकान के लिए प्रस्ताव डाला गया था लेकिन अगर प्रस्ताव डाला गया था तो आजतक ग्रांट क्यों नहीं मिल पाई है।
ज्ञानो देवी ने आखिरकार अपनी व्यथा प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप हिमख़बर को सुनाई जिस पर खबर प्रमुखता से चली । खबर चलते ही एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने पटवारी व संबंधित पंचायत प्रधान व प्रतिनिधियों को साथ लेकर मौका का निरीक्षण किया तथा पटवारी को निर्देश दिया कि अतिशीघ्र इसकी रिपोर्ट तैयार की जाए।
एसडीएम के बोल
वहीं एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हमें हिमख़बर के माध्यम से इसकी जानकारी मिली थी तथा जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने भी आदेश दिया था कि अतिशीघ्र बुजुर्ग महिला को पक्का मकान की सुविधा मुहैया करवाई जाए।
जिलाधीश कांगड़ा के बोल
उन्होंने जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल से भी आग्रह किया है कि जो प्रस्ताव पंचायत द्वारा डाला गया है, उसको पास किया जाए ताकि बुजुर्ग महिला को पक्का मकान मिल सके। इस बारे में जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने कहा जल्द ही बुजुर्ग महिला को पक्का मकान बनाकर दिया जाएगा।
