खड्ड में बहने से 13 साल की बच्ची का निधन, पांव फिसलने से हादसा ।
नाहन, 13 जुलाई – नरेश कुमार राधे
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जनपद के शिलाई उपमंडल में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां मिल्लाह पंचायत में खड्ड में बहने से 13 साल की बच्ची की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक अनुष्का अपनी दादी सीता देवी के साथ मिल्लाह पंचायत के सोनल गांव से घर लौट रही थी। मिल्लाह-मागनल खड्ड को पार करने के दौरान पांव फिसलने से अनुष्का ने संतुलन खो दिया।
आसपास के लोगों ने सीता देवी के चिल्लाने की आवाजें सुनी। इसके तुरंत बाद ही पानी के बहाव में बहकर आ रही अनुष्का को रेस्क्यू करने के बाद खड्ड के किनारे पहुंचाया गया। लेकिन अनुष्का दम तोड़ चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए शिलाई अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।
ये भी जानकारी सामने आई है कि अनुष्का अपनी दादी के साथ अपने रिश्तेदार के घर सोनल गांव में शादी समारोह में हिस्सा लेने गई थी। वापसी में कांडी गांव लौटते वक्त ये हादसा हुआ।
शिलाई के एसडीएम सुरेश सिंघा ने पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक बालिका के परिजनों को 25 हजार की फौरी राहत जारी कर दी गई है। हादसा वीरवार दोपहर का है।

