कुल्लू – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के बाद भूस्खलन की घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई और कुछ मकानों के क्षतिग्रस्त होने के अलावा 400 से अधिक सड़कें अवरूद्ध हो गईं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 12 में से छह जिलों में ” भारी से भीषण बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भीषणतम बारिश” होने का अनुमान जताते हुए बुधवार को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया।
एक एक कर गिरे दर्जनों मकान, लैंड स्लाइड का ख़ौफ़नाक मंजर।

इसी बीच हिमाचल के कुल्लू में गुरुवार सुबह हुई तोज बारिश के चलते शिमला के कृष्णा नगर की तरह ही मकान ढहने का एक डरावना वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि कुल्लू के आनी उपमंडल के बसअड्डे के समीप वीरवार सुबह चार से अधिक मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गए।
देखते ही देखते भवन जमींदोज हो गए। इसमें से दो भवनों में एसबीआई और कांगड़ा केंद्रीय सरकारी बैंक की शाखाएं चल रही थी। मकान में दरारें आने के बाद एक सप्ताह पहले ही दोनों शाखाओं को यहां से खाली करवाकर किसी दूसरे स्थान पर ले जाया गया।
आंखों के सामने करोड़ों रुपये की संपत्ति स्वाहा
मकान में रह रहे किरायेदारों की दुकान खाली करवाई गई। गनीमत रही कि मकान को समय रहते खाली किया गया अन्यथा यहां पर बड़ा हादसा हो सकता था। वीरवार को सुबह देखते ही देखते एक के बाद एक मकान ढहते चले गए और आंखों के सामने करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हो गया।
जनहानि की सूचना नहीं
उधर, इस घटना को लेकर प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। प्रशासन की ओर से जानकारी मिली है कि इस घटना में कोई भी जनहानि नहीं हुई है। दो मकानों को पहले ही खाली करवा दिया गया था, जबकि एक मकान को आज सुबह खाली करवाया गया था।

