
विधायक प्राथमिकता बैठकों के दूसरे दिन पांच जिलों के विधायकों ने अपनी मांगें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को विधायक प्राथमिकता प्रोजेक्टों की डीपीआर समय पर बनाने के आदेश दिए। देखिए… किस विधायक ने क्या मांग रखी…
व्यूरो रिपोर्ट
एचआरटीसी सब-डिपो दें
राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चंद धवाला ने मुख्यमंत्री से ज्वालामुखी में एचआरटीसी का सब डिपो खोलने का आग्रह किया। उन्होंने कठोग में स्टेडियम के निर्माण के लिए व्यय नहीं की गई धनराशि का उपयोग करने का भी आग्रह किया। विकास में जन सहयोग योजना के अंतर्गत पर्याप्त धनराशि का उपयोग होना चाहिए।
विकास के लिए बजट चाहिए
किन्नौर से विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जाना चाहिए। जनजातीय क्षेत्रों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए बिजली लाइनों में टावरों की स्थापना में बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
फतेहपुर में चाहिए मिनी सचिवालय
फतेहपुर से विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि फतेहपुर में लघु सचिवालय भवन और रे में राजकीय महाविद्यालय का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौंग डैम को महत्त्वपूर्ण जलक्रीडा गंतव्य के रूप में विकसित किया जाना चाहिए और इसके लिए एक उचित नीति बनाई जानी चाहिए। क्षेत्र की विभिन्न स?कों के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाई जानी चाहिए
देहरा में सीयू कैंपस जल्द बनाएं
देहरा से विधायक होशियार सिंह ने कहा कि मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी कम से कम न्यूनतम दिहाड़ी के बराबर की जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से पौंग डैम विस्थापितों के लिए उचित पुनर्वास का भी आग्रह किया। केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा परिसर का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाना चाहिए। हरिपुर में संयुक्त कार्यालय भवन का निर्माण और क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित किया जाना चाहिए।
सिंचाई योजनाओं के लिए पैसा दें
नगरोटा बगवां से विधायक अरूण कुमार ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जाना चाहिए ताकि क्षेत्र में निवेश के लिए निवेशकों को आकर्षित किया जा सके। उन्होंने नगरोटा बगवां में लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह का निर्माण करने का आग्रह किया। क्षेत्र की सभी महत्त्वपूर्ण सिंचाई योजनाओं के रख-रखाव के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।
सीयू में हो लोकल स्लेट यूज करें
धर्मशाला से विधायक विशाल नेहरिया ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला को पारंपरिक रूप प्रदान करने के लिए इसके निर्माण में स्थानीय स्लेट का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्मशाला बस अड्डे का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाना चाहिए। धर्मशाला में जल शक्ति उप-मंडल खोला जाना चाहिए और योल पुलिस पोस्ट को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत किया जाना चाहिए।
इंदौरा सीएचसी भवन जल्द बने
इंदौरा से विधायक रीता धीमान ने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील होने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इंदौरा में नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण अतिशीघ्र किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को लाभान्वित करने के लिए क्षेत्र में बेहतर अनाज मंडी खोली जानी चाहिए। किसानों को सिंचाई सुविधा के लिए बजट प्रदान किया जाना चाहिए।
नगरोटा सूरियां में पुलिस थाना
जवाली से विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए विशेष प्रावधान किए जाने चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से देहरा-नगरोटा सूरियां-ज्वाली सड़क के उचित रख-रखाव का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नगरोटा सूरियां में स्थित अस्पताल का सुदृढ़ीकरण और नगरोटा सूरियां पुलिस चौकी को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत किया जाना चाहिए।
जलशक्ति मंडल नोटिफाई हो
जयसिंहपुर से विधायक रविंद्र धीमान ने कहा कि जयसिंहपुर में जल शक्ति मंडल की अधिसूचना शीघ्र जारी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक अधोसंरचनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उन्होंने सड़कों के रखरखाव के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की और विभिन्न सरकारी दफतरों में खाली पड़े पदों को भरने का आग्रह किया।
कूहलों की मरम्मत के लिए धन दें
कांगड़ा से विधायक पवन काजल ने कहा कि गत वर्ष आयी बाढ़ में क्षेत्र की सिंचाई कूहलों को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिनके रख-रखाव की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में एमआरआई और अन्य उपकरणों का उचित रख-रखाव किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में एक आईटी पार्क स्थापित किया जाना चाहिए।
पालमपुर में हो बीडीओ आफिस
पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि पालमपुर में खंड विकास अधिकारी का कार्यालय खोला जा सकता है। उन्होंने कहा कि पालमपुर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पालमपुर के स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त एम्बुलेंस उपलब्ध करवाने का भी आग्रह किया। पालमपुर में युद्ध स्मारक और एक पैरा ग्लाइडिंग प्रशिक्षण स्कूल स्थापित किया जाए।
बैजनाथ में बनाया जाए बाइपास
बैजनाथ से विधायक मुल्खराज प्रेमी ने बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के छोटा भंगाल में आईटीआई, संयुक्त कार्यालय और राजकीय महाविद्यालय की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। बीड़-बड़ागांव के पर्यटन की महत्ता को ध्यान में रखते हुए इस सड़क का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने बड़ा भंगाल में सोलर लाईट के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।
खजियार में रज्जु मार्ग बने
चंबा के विधायक पवन नैय्यर ने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार साल में 58 नई सड़कों, पांच पुलों और 15 भवनों का निर्माण किया जा रहा है और उनमें से अधिकांश का कार्य लगभग पूर्ण होने वाला है। चंबा से खजियार के बीच रज्जु मार्ग का निर्माण किया जाना चाहिए। उन्होंने सुल्तानपुर के लिए मलनिकासी योजना के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का भी आग्रह किया।
चौपाल के लिए मिने स्नो कटर
चौपाल से विधायक बलबीर सिंह वर्मा ने कहा कि उनके क्षेत्र में स्नो कटर प्रदान किया जाना चाहिए और सड़कों पर क्रैश बैरियर लगाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल कुपवी के लिए उपयुक्त निधि प्रदान की जाए ताकि इसका कार्य शीघ्र पूरा किया जा सके। कुपवी में पैट्रोल पम्प और अग्निशमन केंद्र खोला जाना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में वन विश्राम गृहों की मरम्मत होनी चाहिए।
ढली स्थानांतरित हो बस अड्डा
कुसुम्पटी के विधायक अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि विधायक प्राथमिकता में शामिल मुख्य सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात संकुलता से निजात पाने के दृष्टिगत लक्कड़ बाजार स्थित बस अड्डे को ढली में स्थानांतरित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खेल योजना के अन्तर्गत जिम खोलने के लिए निधि का प्रावधान किया जाना चाहिए। मल्याणा में छात्रा महाविद्यालय खोला जाना चाहिए।
ग्राम सड़क योजना पर जोर दे सरकार
जुब्बल-कोटखाई से विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि उनके क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि खड़ापत्थर सुरंग का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि उनके क्षेत्र को सभी मौसमों में सड़क सम्पर्क सुनिश्चित हो सके और इससे शिमला से रोहड़ू की दूरी लगभग 12 किलोमीटर कम होगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में क्रैश बैरियर का प्रावधान जोड़ा जाना चाहिए ताकि सड़कें और सुरक्षित हो सकें।
अस्पताल भवन जल्द हो पूरा
विधायक भरमौर जिया लाल ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए भरमाणी माता और भनोटी रज्जू मार्ग तथा भरमौर अस्पताल भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को इससे सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि चंबा और भरमौर के लिए हेली-टैक्सी सेवा शुरू की जाए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए पांगी में पेट्रोल पंप खोलने का भी आग्रह किया।
चुवाड़ी में जलशक्ति मंडल खुले
भटियात के विधायक विक्रम जरयाल ने मुख्यमंत्री से भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति मण्डल खोलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के रखरखाव और निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। विधानभा क्षेत्र में पेट्रोल पंप खोलने की आवश्यकता है और चुवाड़ी अस्पताल 100 बिस्तर क्षमता का होना चाहिए।
किसानों को उचित मूल्य मिले
ठियोग से विधायक राकेश सिंघा ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लेते हुए कहा कि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए सीए स्टोर के तंत्र को और बेहतर करने की आवश्यकता है। हिमाचल प्रदेश विपणन समिति द्वारा संचालित सीए स्टोर में राज्य के किसानों को अपने उत्पादों के भंडार में प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने ठियोग में जिला अस्पताल खोलने की भी बात कही।
शूटिंग रेंज जल्द खोली जाए
शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विस्तृत योजना रिपोर्ट तैयार करने में देरी के कारण विधायक प्राथमिकता की कुछ सड़कें अभी भी लम्बित हैं। उन्होंने कहा कि शकरोड़ी, सुन्नी इत्यादि पंचायतों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में कोल बांध से पेयजल आपूर्ति की जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र एक शूटिंग रेंज खोलने की योजना थी, जिसे उपयुक्त स्थान पर शीघ्र स्थापित किया जाना चाहिए।
विधायक निधि और ऐच्छिक निधि बढ़े
रोहड़ू से विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि विधायक निधि और ऐच्छिक निधि बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल रोहड़ू के नवनिर्मित भवन का शीघ्र लोकार्पण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने के अतिरिक्त एक्स-रे और अल्ट्रा मशीनें उपलब्ध करवाई जानी चाहिएं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र संदासू को नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र समरकोट को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में स्तरोन्नत किया जाना चाहिए।
