
घाट के नजदीक स्किड हो गई थी बाइक
काँगड़ा – राजीव जस्वाल
हिमाचल के कांगड़ा बाईपास के पास एक सड़क हादसे में घायल हुए दो युवकों की मौत हो गई है। बाइक स्किड होने से युवक गहरी खाई में गिर गए थे। युवकों को खाई से निकालकर मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया था। यहां पर दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक समेला के रहने वाले थे। बता दें कि हादसा बुधवार को पेश आया है। ये दोनों युवक बाइक में सवार होकर जा रहे थे। कांगड़ा बाईपास के पास घाट के नजदीक बाइक अचानक स्किड हो गई। बाइक तो सड़क पर गिर गई पर दोनों युवक करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गए। बताया जा रहा है कि युवक बनेर खड्ड के पास पहुंच गए थे। मामले की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।
वहीं, पुराना कांगड़ा के युवकों को जब हादसे का पता चला तो करीब 10 से 15 युवक अपनी जान की परवाह किए बिना खाई में उतरे और कर्मियों की मदद से युवकों को खाई से बाहर निकाला। युवकों को एंबुलेंस में मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया। युवकों को गंभीर चोटें आई थी जिस वजह से उनकी टांडा में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
