
धर्मशाला, 27 अक्तूबर-राजीव जस्वाल
कांगड़ा जिला में 27 सितंबर से लेकर 26 अक्तूबर तक 1621 कोरोना के पॉजिटिव मामले आए हैं जिसमें शैक्षणिक संस्थानों के 275 विद्यार्थी तथा 33 कर्मचारी पाजिटिव पाए गए हैं। जिला में इस अवधि के दौरान 894 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं जिसमें स्कूलों के 61 विद्यार्थी स्वस्थ तथा 13 कर्मचारी स्वस्थ हुए हैं।
जिला में 26 अक्तूबर तक कांगड़ा जिला में 727 कोरोना के एक्टिव मामले हैं जिसमें 214 विद्यार्थी तथा 13 कर्मचारी संक्रमित हैं इसमें 30 कोरोना संक्रमित उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने कहा कि कोविड को लेकर सभी नागरिकों को सतर्क रहना जरूरी है तथा स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करना जरूरी है तभी कोविड के संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।
