व्यूरो रिपोर्ट
प्रदेश के जिला काँगड़ा के अंतर्गत पालमपुर की पुलिस चौकी धीरा के अंतर्गत आने वाले गांव पनापर में बंदूक की सफाई करते समय अचानक गोली चलने से सुनील कुमार (52) पुत्र प्रीतम चंद की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुनील कुमार जब अपनी 12 बोर की लाइसैंसी बंदूक की सफाई कर रहा था तो अचानक बंदूक से गोली चलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पंचायत के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा पुलिस चौकी धीरा को सूचित किया।
सूचना मिलने पर पुलिस चौकी धीरा के प्रभारी अतिरिक्त उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर छानबीन आरंभ कर दी।
पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर भेज दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी व 2 लड़के छोड़ गया है।
पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई सुरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस घटना की रिपोर्ट सीआरपीसी की धारा 174 के अंतर्गत दर्ज करके मामला दर्ज कर लिया है तथा शव पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

