खिचड़ी खाने से पूरा परिवार बीमार; एक की मौत, तीन सीरियस, धर्मशाला के साथ लगते बरवाला में पेश आया मामला, अधिवक्ता की मौत, पत्नी डीएमसी लुधियाना रेफर, फोरेंसिक टीम ने घर से भरे दाल-चावल के सैंपल
काँगड़ा – राजीव जस्वाल
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के गांव घियाणा कलां के तबीयत बिगड़ने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाए गए एक ही परिवार के छह लोगों में से एक सदस्य, जो कि अधिवक्ता थे, उनकी मौत हो गई।
वहीं, इनमें गंभीर बीमार अधिवक्ता की पत्नी को डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया है, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई हैं। इनका टांडा मेडिकल कॉलेज में ही उपचार चल रहा है। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने इन लोगाें के घर जाकर खाने और पानी के सैंपल भरे हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना गगल के तहत आते इस गांव के रहने वाले एक ही परिवार के छह लोगों की खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें टांडा अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। इस दौरान अस्पताल में भर्ती किए गए इन छह लोगों में से दो लोगों को शुक्रवार देर रात लुधियाना रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही एक व्यक्ति की मौत हो गई।
शव का टांडा में पोस्टमार्टम करवाया गया, जबकि सुमना देवी को लुधियाना पहुंचाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, दो अन्य लोगों में महेंद्र नाथ और दर्शना देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका टांडा में ही उपचार चल रहा है।
वहीं, दूसरी ओर शुक्रवार को फोरेंसिक विभाग धर्मशाला की टीम ने पीड़ित परिवार के घर का दौरा कर वहां सैंपल एकत्रित किए हैं। फोरेंसिक विभाग की ओर से डॉ. राकेश सोनी और अंकुश पटियाल की टीम ने पीड़ित परिवार के घर से खिचड़ी, दाल, चावल, आटा और पानी के सैंपल भरे हैं।

डीएसपी मदन धीमान के बोल
वहीं, डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि गंभीर रूप से बीमार अशनील कुमार (46) और उनकी पत्नी सुमना देवी की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें परिजन लुधियाना ले जाया रहा था कि रास्ते में अशनील कुमार की मौत हो गई। अशनील कुमार अधिवक्ता के रूप में धर्मशाला कोर्ट में अभ्यास करते थे।
डीएसपी कांगड़ा मदन धीमान ने बताया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बिसरा और फोरेंसिक जांच के बाद ही पता चलेगा कि किन परिस्थितियों में ये लोग बीमार हुए हैं।

