लंच डिप्लोमेसी को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा रही। राजनीतिक विशेषज्ञ इसे हॉलीलॉज का शक्ति प्रदर्शन बता रहे थे तो कांग्रेस विधायकों का कहना था कि जीत के बाद यह लंच दिया गया। इस बहाने कांग्रेस की एकजुटता आने वाले समय के लिए कई अहम संदेश दे रही है।
शिमला- जसपाल ठाकुर
मंडी संसदीय सीट से लेकर उप चुनावों में मिली जीत के बाद उत्साहित कांग्रेस वीरवार को भी एकजुट दिखी। मंडी क्षेत्र से नव निर्वाचित लोकसभा सदस्य प्रतिभा सिंह ने वीरवार को अपने निवास स्थान हॉलीलॉज में कांग्रेस विधायक और पूर्व विधायकों के लिए दोपहर के भोजन का आयोजन आयोजन किया। खास बात यह है कि इस आयोजन में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ही नहीं, पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत कई नेता जुटे। सभी ने प्रतिभा सिंह को चुनाव में जीत पर बधाई दी।
लंच डिप्लोमेसी को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा रही। राजनीतिक विशेषज्ञ इसे हॉलीलॉज का शक्ति प्रदर्शन बता रहे थे तो कांग्रेस विधायकों का कहना था कि जीत के बाद यह लंच दिया गया। लंच डिप्लोमेसी के बहाने कांग्रेस की एकजुटता आने वाले समय के लिए कई अहम संदेश दे रही है। एक जानकार कहते हैं कि यह अच्छा संकेत है।
मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस पार्टी यदि एकजुट होकर चुनाव लड़ती है तो जीत की राह आसान होगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हॉलीलॉज में अक्सर इस तरह के लंच और डिनर का आयोजन करते थे। अपने जन्मदिन पर वह पार्टी के सभी विधायकों और नेताओं को बुलाते थे। वहीं कई अन्य मौकों पर भी वह नेताओं को हॉलीलॉज बुलाते थे।
वीरभद्र सिंह के निधन के बाद प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह द्वारा लंच का आयोजन किया गया। इसमें सभी नेताओं ने अपनी हाजिरी भरकर संदेश दिया कि पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट है।
हॉलीलॉज में पहुंचे शहरी कांग्रेस और सेवादल के लोग
मंडी सीट से जीत के बाद हॉलीलाज में प्रदेशभर से लोग बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं। वीरवार सुबह कांग्रेस सेवादल और शहरी कांग्रेस के कई नेता हॉलीलॉज पहुंचे और प्रतिभा सिंह को जीत पर बधाई दी। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष व पाषर्द इंद्रजीत सिंह, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा सहित अन्य नेता भी बधाई देने हॉलीलॉज पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा था, एकजुट दिखी कांग्रेस
होलीलाज का लंच केवल जीत के बाद का औपचारिक जश्न है या फिर इसे सत्ता का केंद्र बनाने की कसरत लेकिन यह तय है कि कांग्रेस एकजुट दिख रही है। हाल में दैनिक जागरण को दिए एक साक्षात्कार में मुख्यमंत्री जयराम ने माना था कि कांग्रेस उपचुनाव में एकजुट दिखी है।