
इंदौरा – शम्मी धीमान
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 18 जनवरी को दोपहर बाद जिला कांगड़ा के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत मलोट में जनसभा को संबोधित करेंगे। 18 जनवरी को सुबह सात बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल में होगी।
18 जनवरी की सुबह पंजाब और हिमाचल के बार्डर पर स्थित मानसर टोल बैरियर पर सुबह सात बजे फ्लैग हैंडिंग सेरेमनी होगी। यहां से राहुल गांधी काठगढ़ मंदिर, इंदौरा होकर करीब 25 किलोमीटर का पैदल सफर कर मलोट पहुंचेंगे।
इसी दिन शाम को भारत जोड़ो यात्रा पंजाब के पठानकोट पहुंचेगी। पठानकोट में ही राहुल गांधी का रात्रि कैंप लगेगा। यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला कांगड़ा के प्रशासन के साथ विधायक केवल सिंह पठानिया, भवानी सिंह पठानिया और मलेंद्र राजन ने बैठक की।
भारत जोड़ो यात्रा के लिए इन्हें सह संयोजक नियुक्त किया गया है। हिमाचल में यात्रा के लिए कृषि मंत्री चंद्र कुमार संयोजक बनाए गए हैं। 17 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में होगी।
हिमाचल के साथ लगते पंजाब बार्डर पर 17 जनवरी की रात को राहुल गांधी का कैंप लगेगा। यहीं से राहुल 18 की सुबह सात बजे हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेंगे।
समीक्षा बैठक करेंगी प्रतिभा सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह 16 जनवरी को कांगड़ा जिला के इंदौरा में राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के प्रबंधन की समीक्षा बैठक करेंगी। इस दौरान यात्रा को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी नेताओं से विचार विमर्श किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव और प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह ने बताया कि प्रतिभा सिंह 16 जनवरी को कंदरोड़ी में बैठक करेंगी। 17 जनवरी को इंदौरा में पार्टी नेताओं के साथ इस यात्रा के रूट व व्यवस्था का जायजा लेंगी।
18 जनवरी को इंदौरा में प्रतिभा सिंह राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। 19 जनवरी को प्रतिभा सिंह शिमला लौट आएंगी।
