प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल पालमपुर की पंचायत राख के साथ लगती धौलाधार की पहाड़ियों पर शुक्रवार दोपहर बिजली गिरने से दादा-पोते की मौत हो गई।
पालमपुर – बर्फू
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल पालमपुर की पंचायत राख के साथ लगती धौलाधार की पहाड़ियों पर शुक्रवार दोपहर बिजली गिरने से दादा-पोते की मौत हो गई। इस घटना में बुजुर्ग का दोहता घायल हो गया है, जो टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा में उपचाराधीन है।
पुलिस ने घटना से संबंधित मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार राख पंचायत के ऊपरी क्षेत्र में करीब आठ किलोमीटर दूर लगती धौलाधार पहाड़ियों के गला नामक स्थान पर शुक्रवार को बिजली गिरी।
वहां अपने पशुओं को चराने गए ठाकुर दास (69) और उनका पोता अंकित कुमार (19) पुत्र संतोष कुमार इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पालमपुर प्रशासन ने फौरी राहत के तौर पर 20000 रुपए की सहायता प्रदान कर दी है।
वहीं, ठाकुर दास का दोहता राहुल (17) भी बिजली की चपेट में आने से घायल हो गया है। पास में ही डेरे में सोया ठाकुर दास का बेटा हादसे में बाल-बाल बच गया।
वहीं, बिजली गिरने से दराटी पंचायत के तीन लोगों की करीब 50 भेड़-बकरियां भी मर गई हैं। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेराथाना के कैंपस के अंदर स्थित सफेदे के पेड़ पर आसमानी बिजली गिर गई। विद्यार्थी व स्टाफ तो सुरक्षित बच गए, लेकिन स्कूल का लाखों का सामान खराब हो गया।
जिसमें छह कम्प्यूटर, तीन मॉनिटर, 16 कैमरे डीबीआर, आठ कैमरे एक डीबीआर, स्मार्ट रूम के सभी एलईडी, चार पंखे व बायो मीट्रिक मशीन सहित दो प्रिंटर जल गए।