
दिल्ली में होगा पार्टी के टिकटों पर मंथन, चुनाव आयोग ने तय की है 28 दिन की समय सीमा
व्यूरो – रिपोर्ट
कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची शनिवार को सार्वजनिक हो सकती है। प्रदेश में आचार संहिता लागू होने के बाद कांग्रेस उन टिकटों को सार्वजनिक कर सकती है, जिन पर कोई विवाद नहीं है। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में होगी और इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी।
इस बैठक में करीब स्क्रीनिंग से पैनल के साथ भेजी गई सीटों पर मंथन होना है। कांग्रेस अब बिना किसी देरी के टिकटों का फैसला करने की तैयारी में है। दरअसल, चुनाव आयोग ने राजनीतिक पार्टियों को महज 28 दिन का वक्त दिया है और इस दौरान भौगोलिक हालात से निपटते हुए नेताओं को मतदाताओं तक पहुंच बनानी है।
कुछ जगहों पर चेहरे बदले जाते हैं, तो उम्मीदवारों को मतदाताओं तक पहुंचने में बेहद कम समय मिलेगा। इसके साथ ही पहाड़ पर मौसम की भी संभावना स्थिर नहीं है। तमाम बाधाएं नेताओं की चिंता को और बढ़ा रही हैं। ऐसे में हालात में प्रत्याशी की जीत भी हार में बदल सकती है।
कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली पहले ही इस बात की संभावना जता चुके हैं। वहीं, जिन नेताओं की टिकटें फंसी हुई हैं वे खुलकर प्रचार भी शुरू नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि कुछ नेताओं की टिकटें तय हो चुकी हैं, लेकिन घोषणा नहीं हो पाई है, वे भी अंतिम समय में टिकट कटने से संशय में है।
ऐसे में दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक सबसे खास हो गई है। केंद्रीय चुनाव समिति की इस बैठक में सभी 68 विधानसभा सीटों पर छंटनी, पैरवी और नाम तय करने का दौर पूरा कर लिया जाएगा। कांग्रेस की पहली सूची लगभग तैयार हो चुकी है और इसमें तय नामों की घोषणा शनिवार को की जा सकती है।
गौरतलब है कि बीते करीब एक महीने से टिकटों पर मंथन कर रही कांग्रेस लगातार स्क्रीनिंग और केंद्रीय चुनाव समिति की बैठकें कर रही हैं। प्रदेश कांग्रेस समिति ने मौजूदा विधायकों को टिकट देने की पैरवी की थी और उन टिकटों पर अभी तक किसी को ऐतराज नहीं है।
करीब 22 टिकटें अभी भी ऐसी हैं, जिन पर कांग्रेस को फैसला लेने में वक्त लग रहा है। राजनीति के सबसे बड़े अखाड़े कांगड़ा में कांग्रेस की आधा दर्जन से ज्यादा सीटों से स्थिति साफ नहीं हुई है।
शिमला से दिल्ली लौटीं सोनिया गांधी
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली रवाना हो गई हैं। सोनिया गांधी शनिवार को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक लेंगी। इससे पूर्व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को शिमला पहुंची थीं। यहां वह बेटी प्रियंका गांधी के घर छराबड़ा में ठहरी थीं।
हिमाचल के सियासी उफान को बेहद बारीकी से जांचने के बाद अब सोनिया गांधी दिल्ली लौटी हैं। सोनिया गांधी के हिमाचल में रहते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चंबा और ऊना का दौरा हुआ है, जबकि शुक्रवार को ही बेटी प्रियंका गांधी ने सोलन में रैली की है।
