
22 दिन बाद जनता के बीच आए नवनिर्वाचित विधायक आरएस बाली का जोरदार स्वागत, रोडमैप बनाकर विकास के लिए बनाई जाएगी रणनीति
नगरोटा बगवां – राजीव जस्वाल
चुनाव जीतने के बाद से ही अपने गृह क्षेत्र से दूर रहे नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली का शुक्रवार को पहली बार विधान सभा क्षेत्र पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। स्थानीय ओबीसी भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
उन्होंने अपनी जीत को ऐतिहासिक बताते हुए इस का श्रेय नगरोटा बगवां की जनता, कर्मठ कार्यकर्ताओं और आपने पिता जीएस बाली की दूरदर्शी सोच को दिया। उन्हीने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वे स्वर्गीय जीएस बाली के सपनों को पूरा करने और नगरोटा-बगवां को मॉडल क्षेत्र बनाने के लिये दिन रात प्रयासरत रहेंगे।
उन्होंने कहा कि वे जल्द कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से मिलकर नगरोटा बगवां के विकास का रोडमैप तय करेंगे ओर नगरोटा बगवां में विकास की गाड़ी बुलेट ट्रेन की रफ्तार से दौड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों ने उन्हें प्रदेश भर में सबसे अधिक मत देकर विस् पहुंचाया है तथा अब वे सबकी आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
आरएस बाली ने कहा कि हाइकमान उन्हें जो भी जिम्मेवारी देगी उसे ईमानदारी पूर्वक निभाएंगे। उन्हीने कहा कि वे दिल्ली में लंबे समय तक मुख्यमंत्री के साथ रहे हैं तथा क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत मंत्रणा हुई है। उन्होंने संगठन से उठे नेता सुखविंदर सिंह पर विश्वास व्यक्त करने के लिए आलाकमान का आभार जताया तथा नगरोटा-बगवां से उनका पुराना नाता बताया।
उनका यह भी कहना है कि प्रदेश में जिस तरह कांग्रेस सरकार ने काम करना शुरू किया है, उससे यह उम्मीद जगी है कि प्रदेश सरकार के सुक्खू मॉडल की प्रदेश भर में चर्चा होगी। उन्होंने एलान किया कि वे अगले पांच साल में विधानसभा क्षेत्र के पांच हजार युवाओं को रोजगार देने के प्रण पर अडिग हैं तथा पिछले पांच साल में उत्पन्न शून्य को भी भरेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल्द ही नगरोटा बगवां के लिये बड़ी सौगात की घोषणा करेंगे।
सुविधा के लिए 24 घंटे खुला रहेगा दफ्तर
आरएस बाली ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि अब उनके वनवास के दिन अब समाप्त हो गए हैं तथा वे हर रोज कार्यकर्ताओं के लिये उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही नगरोटा बगवां में एक कार्यालय खोला जाएगा जो। दिन रात खुला रहेगा जहां लोग व्यक्तिगत रूप से अथवा फोन पर अपनी समस्याएं दर्ज करवा सकेंगे जिनकी 24 घंटे की भीतर समीक्षा होगी।
प्रदेश सरकार का होगा जबरदस्त स्वागत
तीन जनवरी को प्रदेश सरकार के धर्मशाला आगमन पर जोरदार स्वागत किया जाएगा। आरएस बाली ने कहा कि इस रोज नगरोटा बगवां से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सरकार के इस्तकबाल के लिए धर्मशाला कूच करेंगे तथा इससे पहले नगरोटा बगवां के गांधी मैदान में रैली का आयोजन होगा।
