चम्बा – भूषण गूरूंग
जिला चंबा के 323 अनुसूचित जाति के बेरोजगार युवाओं का बेरोजगारी भत्ता लटक गया है। योजना के तहत बजट की व्यवस्था न होने से यह समस्या आई है।
हालांकि, विभाग की ओर से मांग भेजी गई है। पत्राचार भी किया जा रहा है, मगर अभी तक बजट का प्रावधान नहीं हो पाया है।
एक तरफ अगस्त का भत्ता लटका है, वहीं अब सितंबर के भत्ते की अदायगी भी नहीं हो पाई है। सरकार की ओर से बजट की व्यवस्था न करने से बेरोजगार युवाओं के खातेे में भत्ते की किस्त नहीं आई है।
जिले के सामान्य श्रेणी के बेरोजगार युवाओं को नियमित तौर पर किस्त की अदायगी हो रही है, मगर अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले युवाओं को किस्त के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि योजना के तहत एक साथ सभी श्रेणियों के लिए बजट का प्रावधान रहता था, मगर इस साल यह व्यवस्था बदल दी गई है। अब सामान्य श्रेणी के लिए अलग से बजट का प्रावधान सरकार कर रही है।
अनुसूचित जाति के पात्र युवाओं के लिए सरकार अलग से राशि जारी कर रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2017 में ऐतिहासिक चंबा चौगान में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस योजना का शुभारंभ किया था। योजना का मकसद बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देना है।
जिला रोजगार अधिकारी के बोल
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने माना कि अनुसूचित जाति श्रेणी के तहत बजट नहीं है। इस श्रेणी के बेरोजगार युवाओं को भत्ता नहीं मिल रहा है। कहा कि इस बारे में मांग भेजी गई है। जैसे ही बजट पहुंचेगा, नियमित तौर पर किस्त डाल दी जाएगी।

