
ब्यूरो – रिपोर्ट
पुलिस जिला नूरपुर की चौकी रैहन के अंतर्गत पड़ते जसूर तलवाड़ा हाईवे पर स्थित कस्बा गारन के समीप रात पैदल जा रहे स्थानीय युवक को एक अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय पंचायत प्रधान रिपिका ने बताया कि गारन गांव का युवक रजनीश कुमार(24) पुत्र स्वर्गीय जोगिंद्र सिंह को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। ऐसे में जब लोगों ने उसे देखा तो वह सड़क के बीच मृत पड़ा था। सड़क पर अंधेरा होने के कारण तुरंत किसी को इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी।
कुछ ही देर बाद किसी राहगीर ने सड़क के बीच युवक को पड़ा हुआ देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और सड़क पर गिरे युवक को देखा। लोगों ने जब उसकी नब्ज टटोली, तो उसकी जान जा चुकी थी। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस चौकी रैहन को दी।
पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जिला नूरपुर के एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं अज्ञात वाहन चालक तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
