
नूरपुर – देवांश राजपूत
आइपीएस अधिकारी अशोक रत्न ने शुक्रवार को पुलिस जिला नूरपुर के पहले एसपी के रूप कार्यभार संभाला। उसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस जिला के तहत आने वाले सभी थाना और चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से अपना कार्य ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के साथ करने को कहा। साथ ही कहा कि हर कर्मचारी को अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लानी होगी। किसी भी अधिकारी व कर्मचारी की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में अशोक रत्न ने कहा कि नशे की कालाबाजारी व अवैध खनन पर शिकंजा कसना उनकी प्राथमिकता होगी। समाज को अपराधमुक्त बनाने में लोगों की सहभागिता बहुत जरूरी है। जनता की मदद से ही नशे व अवैध खनन पर शिकंजा कसा जा सकता है। पूरे क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। स्वतंत्र चुनाव के लिए कानून व्यवस्था को सही करना उनकी प्राथमिकता है। पुलिस का यह प्रयास रहेगा कि आम नागरिक बिना किसी डर के स्वतंत्रता से मतदान कर सके।
अशोक रत्न नूरपुर में प्रोवेशनर आइपीएस अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि नूरपुर में उस समय उन्होंने नशा माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की थी, जिसमें जनता का उन्हें बहुत सहयोग मिला था।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इलाके को अपराधमुक्त व नशामुक्त बनाने में उन्हें जनता का पहले की तरह सहयोग मिलेगा। इस मौके पर एएसपी सुरेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।
