धर्मशाला: डल झील मेला 16 सितंबर से होगा शुरू, महाआरती से होगा शुभारंभ

--Advertisement--

डल झील मेले का शुभारंभ 16 सितंबर को महाआरती के साथ होगा। मेले को लेकर तैयारियां तेज हैं और आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है। मेले की तैयारियों को लेकर उप मुख्य सचेतक ने अधिकारियों के साथ की बैठक

धर्मशाला – हिमखबर डेस्क

डल झील मेले का शुभारम्भ 16 सितम्बर को महाआरती के साथ किया जाएगा। मेले के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने लघु सचिवालय धर्मशाला के कैबिनेट हॉल में जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मेले की तैयारियों, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि डल झील मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए मेले से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 15 सितम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पुख्ता किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्य सचेतक ने कहा कि वर्षों से डल झील स्नान को मणिमहेश स्नान के तुल्य माना जाता है। इसे देखते हुए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्नान की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने झील में महिलाओं की निजता एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष टेंट लगाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने आयोजन स्थल पर चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने पर भी बल दिया। बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं, सड़क एवं पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की विभागवार समीक्षा की गई।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी तथा निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने किया।

बैठक में हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह, साथ लगती पंचायतों के जन प्रतिनिधि, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related