हिमाचल प्रदेश के चंबा स्थित ऐतिहासिक चौगान मैदान में ‘आत्मनिर्भर भारत-तीसरी डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ, इस आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
चम्बा – भूषण गुरुंग
लोकसभा सांसद डॉक्टर राजीव भारद्वाज के मार्गदर्शन में चम्बा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में तीन दिवसीय विज्ञान, नवाचार और उद्योग प्रदर्शनी आत्मनिर्भर भारत – तीसरी डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है।
आविष्कार एग्जिबिशन की ओर से मनी तिवारी ने आज पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि यह प्रदर्शनी 23 से 25 अक्तूबर तक आयोजित की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत के संकल्प और वोकल फॉर लोकल के विजन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में केंद्र और विभिन्न राज्यों के कई प्रमुख संस्थान अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। मुख्य आकर्षणों में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और आईआईआरएस लैब की सहभागिता शामिल है, जहां बच्चों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूक करने के लिए पहली बार स्पेस सूट और स्पेस प्रोग्राम्स से जुड़े मॉडल्स प्रदर्शित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त उत्तरी रेलवे, मध्य प्रदेश सरकार के हस्तशिल्प व सांस्कृतिक पवेलियन, सीएसआईआर- आईएचबीटी पालमपुर, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (लखनऊ) तथा पालमपुर साइंस सेंटर द्वारा शोध, खगोल, खनिज और कृषि से जुड़े लाइव प्रदर्शन प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस एक्सपो में आम जनता, विद्यार्थियों एवं किसानों के लिए प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रखा गया है। प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों पर स्थानीय उत्पादों और तकनीक के प्रदर्शन के साथ-साथ बिक्री की व्यवस्था भी की गई है, जिससे हिमाचल के स्वयं सहायता समूहों और एफपीओ को सीधा मंच मिल रहा है।
उन्होने बताया कि आयोजन के दूसरे दिन प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता और 25 अक्तूबर को कांगड़ा चम्बा संसदीय क्षेत्र से सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहकर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
उन्होंने क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर देश की वैज्ञानिक और आत्मनिर्भर प्रगति से रूबरू हों। पहले दिन चम्बा शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और जिले के कोने-कोने से आए किसानों बागवानों ने प्रदर्शनी में पहुंचकर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की हैं।
ये रहे उपस्तिथ
इस मौके पर निधि सिंह वरिष्ठ जन संपर्क अधिकारी उत्तरी भारत, डॉ. सुखविंदर सिंह वैज्ञानिक और मध्य प्रदेश हस्तशिल्प से केपी मिश्रा भी मौजूद रहे।

