शिक्षा विभाग ने शुरू की BRC की भर्ती प्रक्रिया, JBT से भरे जाएंगे 50 प्रतिशत पद!
शिमला – नितिश पठानियां
प्रदेश सरकार ने ब्लॉक रिसोर्स सेंटर कोऑर्डिनेटर यानी बीआरसीसी पॉलिसी को नोटिफाई कर दिया है। नई पालिसी के मुताबिक बीआरसीसी एक सिलेक्शन पोस्ट होगी और हर एजुकेशन ब्लॉक में दो बीआरसीसी रखे जाएंगे।
इनमें से एक जेबीटी और दूसरा लेक्चरर या टीजीटी होगा। करीब 282 पद इस पॉलिसी के तहत भरे जाएंगे। इनको भरने के लिए जेबीटी को 50 फीसदी, टीजीटी को 25 फीसदी और लेक्चरर को भी 25 फीसदी कोटा मिलेगा।
पॉलिसी में सबसे बड़ी शर्त यह है कि सरकारी स्कूल में 15 साल का टीचिंग एक्सपीरियंस रखने वाले शिक्षक को ही कंसीडर किया जाएगा। इनके पास ग्रेजुएट डिग्री भी जरूरी कर दी गई है।
शिक्षक के खिलाफ कोई भी विभागीय जांच या मिसकंडक्ट का कोई केस पेंडिंग न हो। बीआरसीसी नियुक्त होने वाले शिक्षक की उम्र भी 50 साल से कम होनी चाहिए। आयु को सिलेक्शन ईयर में पहली जनवरी से गिना जाएगा।
ब्लॉक रिसोर्ट सेंटर कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति 5 साल के लिए होगी और एक बार बीआरसीसी नियुक्त हो चुके किसी शिक्षक को दोबारा नियुक्त नहीं किया जाएगा।
एक कार्यकाल के बाद दूसरे कार्यकाल के लिए भी टीचर पात्र नहीं होंगे। जो पहले बीआरसी रह चुके हैं, उन्हें भी दोबारा कंसीडर नहीं किया जाएगा।

बीआरसीसी को किसी भी वक्त वापस अपने कैडर में रिपेट्रिएट किया जा सकेगा। इस बारे में अंतिम फैसला स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर समग्र शिक्षा की रिपोर्ट पर शिक्षा सचिव लेंगे।
बीआरसी नियुक्त करने के लिए चयन प्रक्रिया तीन तरह से होगी। इसमें 40 फीसदी संबंधित शिक्षक का एकेडमिक रिकॉर्ड होगा।
ऐसे मिलेंगे अंक
इसमें 40 फीसदी अंक रिटन टेस्ट और पढ़ाने की स्किल के प्रदर्शन के मिलेंगे। इसके अलावा 20 फीसदी अंक इंटरव्यू के होंगे। रिटन टेस्ट और टीचिंग स्किल के लिए प्रक्रिया को अलग से बताया जाएगा।
नियुक्ति के लिए होने वाले इंटरव्यू कमेटी का अध्यक्ष सेक्रेटरी एजुकेशन या स्पेशल सेक्रेट्री एजुकेशन होंगे। प्रारंभिक शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के निदेशकों को इसमें सदस्य नियुक्त किया गया है।

