
ज्वाली-माध्वी पंडित
विधानसभा क्षेत्र जवाली के अधीन ग्राम पंचायत नरगाला के प्रधान ने एक अनूठी पहल की है जोकि अन्य पंचायतों के लिए एक मिसाल बन जाएगी। ग्राम पंचायत नरगाला के प्रधान द्वारा के गई इस अनूठी पहल से पंचायत की जनता में खुशी की लहर है।
ग्राम पंचायत प्रधान शिव कुमार ने किन्नरों के लिए शादी सहित बच्चा होने पर ली जाने वाली बधाई राशि निर्धारित कर दी है। शिव कुमार की अगुवाई में पंचायत में प्रस्ताव पारित किया गया है कि शादी व लड़का होने पर नोकरीपेशा वाले साधन संपन्न परिवार 5100 रुपये जबकि दिहाड़ी लगाने वाले परिवार 3100 रुपये की राशि देंगे।
शिव कुमार ने कहा कि शादी सहित लड़का होने पर परिजन यह राशि एक हफ्ते के भीतर पंचायत कार्यालय में जमा करवा दें तथा इस राशि को हिजड़े पंचायत में आकर प्राप्त कर सकते हैं। प्रधान शिव कुमार ने पंचायत की जनता के अनुरोध पर यह कदम उठाया है ताकि गरीब परिवार आसानी से राशि दे सकें। उन्होंने कहा कि अगर कोई किन्नर वर्ग किसी के घर में जाकर ज्यादा राशि की मांग करता है तो उसकी सूचना पंचायत में दें तथा पंचायत उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
पंचायत वासियों ने पंचायत प्रधान शिव कुमार द्वारा लिए गए इस निर्णय की काफी सराहना की है। जनता ने कहा कि अगर प्रधान हो तो शिव कुमार जैसा हो जिसमें पंचायतवासियों के लिए कुछ अलग करने का जज्बा हो। शिव कुमार ने इस प्रस्ताव की प्रतिलिपि एसडीएम जवाली तथा पुलिस थाना जवाली में भी दे दी है ताकि कोई भी हिजड़ा वर्ग अपनी मनमानी न कर सके।
