
वन मंत्री ने विजय दिवस की 50वीं वर्षगांठ पर सैनिकों के शौर्य व पराक्रम को किया याद।
नूरपुर 16 दिसबर: देवांश राजपूत
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने आज वीरवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, हिमाचल प्रदेश द्वारा राणा फार्म बौड़ (नूरपुर) में विजय दिवस की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस मौके पर एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएफओ विकल्प यादव, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष कर्नल डीएस मनकोटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वन मंत्री ने कहा कि आज का दिन देश के जवानों की वीरता,शौर्य,अदम्य साहस और कुर्बानी की कहानी को बयां करता है। उन्होंने कहा कि 1971 की ऐतिहासिक जीत की खुशी आज भी हर देशवासी के मन को उमंग से भर देती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का इतिहास पराक्रम, शौर्य और बलिदान से ओत-प्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। हिमाचल गौरवान्वित है कि आजादी से पहले और बाद में देश ने जितने भी युद्ध लड़े हैं उनमें मां भारती के वीर जवानों ने देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
वन मंत्री ने कहा कि आज भारत एक सशक्त राष्ट्र बन चुका है। भारत की सेना का दुनिया में लोहा माना जाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के साथ हमेशा खड़ी है ।
वन मंत्री ने तमिलनाडु के कुनूर में हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए सीडीएस जनरल विपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत तथा अन्य सैन्य अधिकारिओं और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी गई व उनकी याद में मौन रखा गया। उन्होंने हेलीकॉप्टर हादसे में कांगड़ा जिला के शहीद लेंस नाईक विवेक कुमार को भी अपनी श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने विभिन्न युद्धों में भाग ले चुके सैनिकों व वीर योद्धाओं तथा वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया । इस मौके पर परमवीर चक्र विजेताओं की स्मृति में आयोजित करवाई गई क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीमों को भी सम्मानित किया गया।।
इस मौके पर प्रदेश पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष कर्नल डीएस मनकोटिया, संगठन मंत्री कैप्टन प्रेम सिंह चौहान ने भी अपने विचार रखे तथा सैन्य सेवा के दौरान लड़े गए युद्धों बारे अपने अनुभव साझा किए।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैंप भी लगाया गया। जिसमें लोगों का चेकअप करने के साथ मुफ्त में दवाइयां दी गईं। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से सम्बद्ध कलाकारों, वीवीएम नर्सिंग कॉलेज, नूरपूर तथा अन्य स्कूली छात्राओं द्वारा देश भक्ति व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
ये रहे मौजूद
बीडीसी के उपाध्यक्ष रछपाल पठानिया, सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुशील शर्मा, बीएमओ डॉ नीरजा गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेएस राणा, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, कर्नल रविंद्र संबियाल, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सरंक्षक कर्नल मुल्तान सिंह पठानिया, महामंत्री कैप्टन रमेश चंद मैहरा,कैप्टन राजिन्द्र कुमार शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप पाठक, महामंत्री जोगिंदर सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र चौधरी, पूर्व सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
