कांगड़ा जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है, कार्रवाई के दौरान 41 मोबाइल फोन और सात लैपटॉप जब्त किए गए।
काँगड़ा – राजीव जस्वाल
कांगड़ा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने 41 मोबाइल फोन और 7 लैपटॉप बरामद किए हैं। मामले में बिहार के रहने वाले छह व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए पैसों के लेन-देन का शक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों से पैसे ऐंठने की गतिविधियां संचालित किए जाने का संदेह है। इसके लिए बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और लैपटॉप का इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस को जांच के दौरान ऐसे बैंक खातों की भूमिका भी सामने आई है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर इस गतिविधि से जुड़े पैसों के लेन-देन के लिए किया जाता था। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। थाना कांगड़ा के एसएचओ आदर्श बरयाल ने बताया कि मामले में बिहार के छह व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने मौके से 41 मोबाइल फोन और सात लैपटॉप बरामद किए हैं। मामले में पैसों के लेन-देन और अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के हित को ध्यान में रखते हुए फिलहाल संदिग्धों की पहचान और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं। समय से पहले जानकारी सार्वजनिक होने से अन्य संदिग्धों को सतर्क होने, फरार होने या साक्ष्य मिटाने का अवसर मिल सकता है।
एसएचओ आदर्श बरयाल के बोल
एसएचओ आदर्श बरयाल के अनुसार पुलिस ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की कडिय़ों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगामी जांच जारी है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा।

