पिस्तौल की नोक पर 19 वर्षीय युवक के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के सिर और भौंहों के बाल काट दिए।
नूरपुर – स्वर्ण राणा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में जसूर सब्जी मंडी से एक 19 वर्षीय युवक के कथित अपहरण और मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने हथियार के बल पर उसे मंडी से अगवा किया और बाद में एक आवास पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है और लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार समीपवर्ती गांव ततवाली, पंचायत थोड़ा निवासी 19 वर्षीय लतीफ खान सोमवार को सब्जी बेचने के लिए जसूर मंडी गया था। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।
युवक के पिता कालू दीन चौहान ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पिस्तौल की नोक पर मंडी से अगवा किया गया। परिजनों का दावा है कि युवक के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे एक आवास पर ले जाया गया।
परिजनों के मुताबिक आवास पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान युवक के सिर के बाल बीच से काट दिए गए और उसकी भौंहों के बाल भी साफ कर दिए गए।
घटना के सामने आने के बाद परिजनों में रोष है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। युवक के पिता ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल कुछ लोग इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कथित आरोपियों में एक होमगार्ड कर्मचारी भी शामिल है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद उन्हें धमकियां भी दी गईं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और युवक को कथित आरोपियों के कब्जे से मुक्त करवाया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।
मानव अधिकार संघ ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना की अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संघ के निदेशक राजेश सिंह पठानिया ने निंदा की है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

