मंडी, 05 सितम्बर – अजय सूर्या
मंडलीय प्रबंधक, हिमाचल पथ परिवहन निगम, मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जी-20 सम्मेलन के दृष्टिगत दिल्ली पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम की दिल्ली के लिए जाने वाली व दिल्ली से आने वाली बस सेवाओं का प्रचलन 7 सितम्बर सायं से 10 सितम्बर मध्यरात्रि तक मुकरवा चौक दिल्ली तक रहेगा ।
उन्होंने दिल्ली जाने वाले सभी यात्रियों से आग्रह किया कि वह दिल्ली के लिए यात्रा कार्यक्रम उसी अनुसार तय करें ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नए रूट परमिट के लिए आवेदन 16 सितम्बर तक होंगे-आरटीओ
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कृष्णा चंद ने बताया कि क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण मण्डी की बैठक दिनांक 27-09-2023 को निर्धारित की गई है जिसमें बस रूट परमिट स्थानांतरण, मॉडिफिकेशन, परमिट का प्रतिस्थापन, ऑटो रिक्शा व स्कूल बसों से संबंधित आवेदनों विचार किया जाएगा।
उन्होंने मण्डी जिला के सभी निजी बस मालिकों, स्कूल प्रबंधक, ऑटो रिक्शा तथा हिमाचल पथ परिवहन निगम को सूचित करते हुए कहा कि वह अपने आवेदन पत्र किसी भी कार्य दिवस पर दिनांक 16-09-2023 तक जमा करवा सकतें है। इसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

