
बिलासपुर, 22 जुलाई – सुभाष चंदेल
19 साल के युवक की नृशंस हत्या की वारदात में पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। बीती शाम पुलिस ने यह दावा किया था कि युवक का शव दो अलग-अलग हिस्सों में बरामद कर लिया गया है, लेकिन मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद थ्योरी पलट गई थी। इसमें पाया गया कि दूसरी बोरी में जो अवशेष बरामद हुए हैं, वो इंसानी नहीं है, बल्कि किसी जानवर के हो सकते हैं।
दूसरे हिस्से की तलाश में पूरे इलाके में कांबिंग ऑपरेशन चला रही पुलिस को शुक्रवार सुबह अंकित के शरीर का अपर पार्ट भी बरामद हो गया है। इसकी तस्दीक फॉरेंसिक टीम से भी करवा ली गई है। देर दोपहर तक भी मौके पर फॉरेंसिक वैज्ञानिक जांच करने में जुटे हुए थे।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह ग्रामीण घास लेने गए हुए थे। इस दौरान उन्हें तेज दुर्गंध आई। तुरंत ही इसकी सूचना सर्च ऑपरेशन चला रही पुलिस टीम को दी गई। मौके पर पुलिस द्वारा एक बोरी को बरामद किया गया। खोलकर देखने पर पाया कि युवक के अपर पार्ट को इसमें बंद कर ठिकाने लगाया गया था। युवक के सिर के बाल व अन्य अवशेष भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक एसआर राणा ने बताया कि नृशंस हत्या का मामला पूरी तरह से ब्लाइंड है। एसपी ने बताया कि वीरवार शाम दो बैग्स में अवशेष मिले थे। ऐसे में ये लगा था कि शरीर के दोनों पार्ट मिल गए हैं, लेकिन मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने एक बैग में इंसानी अवशेष न होने की बात कही थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह से शरीर के बाकी हिस्से की तलाश की जा रही थी, जिसमे धड़ बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने माना कि शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। दीगर है कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जनपद के समोह इलाके में पाॅलटैक्नीक के छात्र (19) का शव टुकड़ों में बरामद हुआ है। निचला हिस्सा वीरवार दोपहर को बरामद हुआ था।
