
जूनियर इंजीनियर सिविल और जेओए आईटी की तीसरी भर्ती परीक्षा में भी गड़बड़ी हुई है। एसआईटी ने इन दोनों भर्ती परीक्षाओं में धांधली की पुष्टि कर दी है।
शिमला – नितिश पठानियां
भंग किए गए कर्मचारी चयन आयोग की जूनियर इंजीनियर सिविल और जेओए आईटी की तीसरी भर्ती परीक्षा में भी गड़बड़ी हुई है। एसआईटी ने इन दोनों भर्ती परीक्षाओं में धांधली की पुष्टि कर दी है। अब इस मामले में भी अलग से विजिलेंस थाना हमीरपुर में एफआईआर दर्ज होगी।
अभी तक पांच विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। जिसमें पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी, पोस्ट कोड 939 जेओए आईटी-2, पोस्ट कोड 1003 कंप्यूटर ऑपरेटर, पोस्ट कोड 1036 जूनियर ऑडिटर, पोस्ट कोड 980 कला अध्यापक शामिल हैं।
इधर, पोस्ट कोड 980 कला अध्यापक मामले में नामजद महिला अभ्यर्थी सुनीता देवी ने प्रदेश उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे मंगलवार को हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया। अब सुनीता देवी को विजिलेंस आसानी से गिरफ्तार कर सकती है।
अभी तक विभिन्न भर्ती मामलों में चार एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। दो अन्य भर्ती मामलों की जांच भी चल रही है। उनमें भी एफआईआर दर्ज होने की उम्मीद है। वहीं कला अध्यापक अभ्यर्थी सुनीता देवी के मामले में एसआईटी ने उच्च न्यायालय में जोरदार तरीके से अपना पक्ष रखा, जिसके चलते उसे अग्रिम जमानत नहीं मिली। इस मामले में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
