
हमीरपुर- अनिल कपलेश
हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन के इंद्रपाल मार्केट परिसर में संचालित नादौन बस अड्डा मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। बस स्टैंड में न तो यात्रियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था है और ना ही पेयजल की सुविधा।
जर्जर हो चुकी इंद्रपाल मार्केट के प्रथम तल की छत से प्लास्टर के टुकड़े आए दिन गिर रहे हैं। बस अड्डा में बनी वर्षा शालिका भी जर्जर हो चुकी है और किसी भी समय हादसे का कारण बन सकती है।
बता दें कि बस अड्डा नादौन में पिछल साल स्थानीय लोगों की ओर से दो वाटर कूलर लगवाए थे। हैरानी की बात है कि इन वाटर कूलर के लिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पाई। पानी का कनेक्शन न होने से यह कूलर बंद पड़े हुए हैं।
वहीं बस स्टैंड के समीप लगे दो हैंडपंपों का पानी मटमैला होने के कारण पीने योग्य नहीं है। यात्रियों को पीने के पानी के लिए दुकानों में जाकर पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पूर्व विभाग की ओर से बस अड्डा परिसर में टारिंग की गई थी। अब यह भी कई स्थलों से उखड़नी शुरू हो गई है। लंबे रूट की बसें नियमित तौर पर बस अड्डा के भीतर प्रवेश नहीं करती हैं।
शिमला से धर्मशाला, कांगड़ा, चंबा और पठानकोट समेत अन्य रूटों पर निकलने वाली बसें बस स्टैंड में जाम के झंझट से बस अड्डे के बाहर से ही निकल जाती हैं। बस चालक एनएच किनारे ही सवारियों को उतार कर चले जाते हैं। चालकों की मनमानी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्या कहते है कार्यकारी सचिव, नगर पंचायत नादौन
कार्यकारी सचिव, नगर पंचायत नादौन संजीव कुमार ने इस मामले में कहां कि इंद्रपाल मार्केट और बस अड्डे से संबंधित समस्याएं ध्यान में हैं। एचआरटीसी के साथ तालमेल बनाकर जल्द ही समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
क्या कहते है डीडीएम, हमीरपुर
डीडीएम, हमीरपुर विवेक लखनपाल ने कहां कि बस चालकों को बसें अड्डे के भीतर ले जाने के निर्देश दिए हैं। अन्य सुविधाओं को लेकर भी कदम उठाए जाएंगे। इस बारे में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
