
हमीरपुर, 08 सितंबर – अनिल कपलेश
हमीरपुर की बेटी वंशिका परमार ने “मिस अर्थ इंडिया 2022” का प्रतिष्ठित ताज जीतकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। 19 वर्षीय वंशिका परमार ने नई दिल्ली में आयोजित अंतिम चरण में अन्य प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
मिस इंडिया अर्थ-2022 का खिताब जीतने के साथ ही वह अब भारत का प्रतिनिधित्व अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में करेंगी।वंशिका दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस में शिक्षा प्राप्त कर रही हैं और वह मूलत: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के मनसई के टुन्नी गांव से संबंध रखती हैं।
वंशिका परमार के दादा सेवानिवृत्त कर्नल शक्ति चंद परमार टुन्नीसे संबंधित हैं, जबकि वंशिका परमार के पिता ग्रुप कैप्टन एसके परमार भारतीय वायु सेना में कार्यरत हैं। हमीरपुर के टुन्नी की रहने वाली वंशिका ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल जेएलएन स्टेडियम, नई दिल्ली में हुआ।
अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिलीपींस में होने वाली प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसमें ताज के लिए दुनिया भर के नब्बे से ज्यादा देशों की सुंदरियां भाग लेंगी। अपनी यह जीत उन्होंने पूरे देश की बेटियों के लिए समर्पित की है।
