शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश पुलिस के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण रहा, जब राज्य की प्रतिष्ठित पुलिस ऑर्केस्ट्रा ‘हार्मनी ऑफ द पाइंस’ के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार को ‘ग्लोबल प्रेस्टीज अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का सम्मान उन्हें हाउस ऑफ लॉर्ड्स, लंदन (यू.के.) में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल देवभूमि हिमाचल को बल्कि पूरे देश की खाकी वर्दी को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया है।
सम्मान समारोह में यह पुरस्कार Lord Rami Ranger (फॉरेन, कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट अफेयर्स, एफआरएसए) की उपस्थिति में इंटरनेशनल सेक्रेटरी डी.के. त्यागी द्वारा सौंपा गया।
यह अवसर भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और अनुशासित पुलिस छवि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने वाला एक ऐतिहासिक क्षण बन गया।
इस अवॉर्ड को प्राप्त करने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में इंस्पेक्टर विजय कुमार ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, तथा हिमाचल पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों का हृदय से आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि “यह सम्मान केवल मेरा नहीं है, यह पूरी हिमाचल पुलिस का सम्मान है। यह हमारी एकजुटता, सहयोग और विश्वास का परिणाम है, जिसकी बदौलत हम यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं।
कौन है इंस्पेक्टर विजय कुमार
विजय कुमार हिमाचल प्रदेश पुलिस के एकऐसे प्रतिभाशाली अधिकारी हैं,जिन्होंने संगीत से खाकी को एक अलग पहचान दी है। सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल से ताल्लुक रखने वाले विजय कुमार ने 1999 में बतौर कांस्टेबल पुलिस सेवा की शुरुआत की और वर्तमान में वह हिमाचल पुलिस के प्रतिष्ठित बैंड “Harmony of the Pines” के प्रभारी हैं।
संगीत में विशारद की डिग्री हासिल कर चुके विजय कुमार ने वर्षों तक संघर्ष करते हुए इस बैंड को नई पहचान दिलाई। 2016 में “Harmony of the Pines” को सरकारी मान्यता मिली और इसके बाद यह बैंड हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान बन गया।
विजय कुमार के नेतृत्व में बैंड ने 2022 में कलर्स टीवी के रियलिटी शो “हुनरबाज़ देश की शान” में भाग लेकर देशभर में प्रशंसा बटोरी। इसके अलावा उनकी टीम ने इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भी प्रस्तुति दी।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें तीन बार DGP डिस्क अवार्ड, सिरमौर यूथ आइकन अवार्ड, और SVEEP अभियान के लिए स्टेट आइकन जैसे सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। हाल ही के वर्षों में उन्हें सब-इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति मिली, जो उनके समर्पण का प्रतीक है।
पूर्व डीजीपी संजय कुंडू के मार्गदर्शन को वह अपने सफर की आधारशिला मानते हैं। इंस्पेक्टर विजय कुमार आज हिमाचल प्रदेश पुलिस की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।