बिलासपुर, 10 जुलाई – सुभाष चंदेल
जनपद के उपमंडल स्वारघाट की ग्राम पंचायत खरकड़ी में सोमवार सुबह उफनती खड्ड को पार करते समय एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की बहने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रामलाल पुत्र लोभी राम निवासी गांव मलेटा डाकघर व तहसील श्री नैना देवी के रूप में हुई है।
बुजुर्ग व्यक्ति सुबह करीब 8 बजे साथ लगते गांव में शादी सामारोह में जा रहा था। खड्ड को पार करते समय पानी का बहाव अधिक होने के चलते बुजुर्ग पानी के साथ बह गया। यह खड्ड गोबिंद सागर झील में मिलती है। स्थानीय लोगों ने नाव के माध्यम से शव को झील से बाहर निकाल लिया है तथा शव को घर तक पहुंचाया जा रहा है।
बता दें कि खड्ड पर पुल्ली न होने के चलते खरकड़ी पंचायत के चिल्ट,भटेड, कमांदवाली व संदोटी आदि गांवों के ग्रामीणों को रोजाना उफनती खड्ड पार करते हुए आना जाना पड़ता है। पिछले कई सालो से लगातार स्थानीय पंचायत, प्रशासन और सरकार से यहां पुलिया की मांग कर रहे हैं, लेकिन आश्वासनों के सिवाय उन्हें कुछ नहीं मिला है ।

