
चम्बा- भूषण गूरुंग
स्टेट नार्को क्राइम ब्यूरो कांगड़ा की टीम ने एक व्यक्ति को चरस की खेप सहित गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी अनुसार स्टेट नार्को क्राइम ब्यूरो टीम के प्रभारी करतार सिंह के नेतृत्व में एचएचसी मनोहर लाल, एचएचसी मोहम्मद आलम, एचसी विक्रांत कालिया ने तीसा चम्बा सड़क मार्ग पर लोक निर्माण विश्राम गृह चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी।
इस दौरान एक व्यक्ति तीसा की ओर से पैदल आ रहा था, जिसे पुलिस टीम ने रोककर उसकी शक के आधार पर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 406 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त नरेश कुमार पुत्र हंस राज गांव डांड, डाकघर किहार, तहसील सलूणी के रूप में की है।
पुलिस थाना सदर चम्बा में एनडीपीएस 20 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की पुष्टि एसपी चम्बा अरुल कुमार ने करते हुए कहा कि पुलिस ने चरस तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया है उसी अभियान के तहत पुलिस ने नरेश कुमार को 406 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है।
