
चुवाड़ी, चम्बा भूषण गुरुंग
विधायक विक्रम सिंह जरयाल ने आज सिविल अस्पताल चुवाड़ी में बन रहे कोविड केअर सेंटर की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इसके उपरांत भट्टियात विधायक विक्रम सिंह जरयाल ने आज खण्ड चिकित्सा अधिकारी समोट सतीश फतेदार को सिविल अस्पताल चुवाड़ी में बन रहे कोविड केअर सेंटर के लिए अपने निजी अंशदान से 50 ऑक्सीजन रेगुलेटर प्रदान किए।
उन्होंने बताया कि डेडीकेटेड कोविड- केअर सेंटर में चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार से रोगियों को इलाज के दौरान असुविधा ना हो । उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि इस वैश्विक महामारी के दौरान जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आएं और इन पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता भी सुनिश्चित बनाएं ।
बीएमओ स्वास्थ्य खण्ड समोट सतीश फतेदार ने भट्टियात विधायक विक्रम सिंह जरयाल का ऑक्सीजन रेगुलेटर उपलब्ध करवाने के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया । विधायक विक्रम सिंह जरयाल ने बताया कि कोविड केअर सेंटर चुवाड़ी में जल्द ही 40 बेड का कोविड केअर सेंटर का शुरू कर दिया जाएगा। जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में है।
