
सोलन – जीवन वर्मा
दो साल से सेना में बंद पड़ी भर्ती को सरकार जल्द खोले, ताकि उम्र पूरी कर रहे युवाओं को देश सेवा का मौका मिल सके। यह इसलिए भी जरूरी है कि सेना में इस समय जवानों की जरूरत है, क्योंकि हर साल हजारों जवान सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
यह बात आल इंडिया डिफेंस ब्रदरहुड पंजाब चैप्टर के अध्यक्ष व आर्मी वेटरन ब्रिगेडियर (रि.) कुलदीप सिंह काहलो ने कसौली में पत्रकारों से बातचीत में कही।
इस दौरान उनके साथ महिला विंग की उपाध्यक्ष कमलजीत कौर गिल भी थीं। वे इन दिनों पंजाब, हरियाणा व हिमाचल का दौरा कर रहे हैं, क्योंकि इन तीनों राज्यों से सबसे ज्यादा युवा सेना में भर्ती होते हैं।
कुलदीप सिंह ने कहा कि सेना में भर्ती न होने के कारण युवा तनावग्रस्त हो रहे हैं। सेना में भर्ती के लिए उनकी उम्र निकलती जा रही है। जो युवा कोरोना से पहले फिट घोषित किए गए थे, उनको उम्र में छूट देनी चाहिए थी।
सीमाओं पर व अन्य देशों में मौजूदा माहौल को देखते हुए इस समय भर्ती की जरूरत है। युवाओं को भी रोजगार की जरूरत है, इसलिए हम अपनी संस्था की ओर से तीनों राज्यों में दौरा कर रहे हैं।
हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि भर्ती खोले और जिनकी उम्र पूरी हो रही है उनको छूट देकर प्रक्रिया पूरी की जाए।
कमलजीत कौर गिल ने कहा कि जितनी भी लड़कियों ने भर्ती के लिए तैयारी की है, उसको देखते हुए भर्ती खोली जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के साथ सेना को जवान मिल सके।
