
भाम्बला- नरेश कुमार
मंडी संसदीय क्षेत्र के 30 अक्टूबर को होने वाले लोकसभा उपचुनाव के लिए सरकाघाट विधान सभा क्षेत्र से नियुक्त पीठासीन, सहायक पीठासीन व मतदान अधिकारियों तथा आरक्षित चुनावी कर्मियों का अंतिम चुनावी पूर्वाभ्यास आज राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में संपन्न हुआ।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राहुल जैन ने इस दौरान बताया कि चुनावी पूर्वाभ्यास में 700 अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया जिसमें 681 पुरूष व 19 महिलाएं शामिल हुई।उन्होंने बताया कि सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में कुल 145 मतदान केन्द्रों में मतदान होगा। अंतिम चुनावी पूर्वाभ्यास में 174 मतदान पार्टियों ने उपस्थिति दी जो 145 पार्टियाँ मतदान केन्द्रों मे मतदान कराएंगी जबकि 29 पार्टियां आरक्षित होंगी।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से लगभग 300 पुलिस सुरक्षा कर्मी तथा 150 अर्ध सैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे।बताया कि हर मतदान केंन्द्र में पुलिस सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे तथा सभी संवेदनशील मतदान केंन्द्रों में अर्ध सैनिक बल के सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूर्वाभ्यास में ईवीएम संचालन सहित मतदान संबन्धी तमाम मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सभी पीठासीन अधिकारियों को पावर प्वाईट प्रेजेन्टेशन से मतदान की प्रक्रिया से अवगत करवाया गया। उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर की सुबह सभी चुनावी दल मतदान केन्द्रों के लिए रवाना कर दिए जाएंगें जबकि 30 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा एवं इसके उपरांत ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना केन्द्र लाया जाएगा।
राहुल जैन ने यह भी बताया कि कोरोना महामारी से संक्रमित मतदाता सांय 6 बजे के बाद वोट डाल सकेंगे । इस अवसर पर नायब तहसीलदार हेमराज़ व विकास कौंडल, निर्वाचन कानूनगो लेखराज, बीडीओ तेविन्दर चिनौरिया और महाजन राव सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे ।
