सिरमौर – नरेश कुमार राधे
प्यार की सरहद नहीं होती। धर्म या देश की बेड़ी भी नहीं बंधी होती। इंडिया के उत्तर भारत के राज्य हिमाचल के श्री रेणुका जी (ददाहू) के मनु चावला व मैक्सिको की नोरमा की लव स्टोरी सिंगापुर में शुरू हुई।
भारत की धरती पर प्रेम कहानी परवान चढ़ी। तकरीबन चार साल पहले नोरमा का मैक्सिको से एक वक्ता के रूप में सिंगापुर आना हुआ। एक-दूसरे से जान पहचान हो गई। करीब चार महीने का वक्त एक-दूसरे को जानने में लग गया।
एक सही समय पर ‘‘मनु’’ ने नोरमा को फिल्मी अंदाज में प्रपोज कर दिया। दोस्ती प्यार में बदल गई। 2022 के आखिरी दौर में मनु व नोरमा परिणय सूत्र में बंधने को तैयार हो गए, लेकिन सामने परिवारों की सहमति की जरूरत थी।
लिहाजा, ये तय हुआ कि पहले मैक्सिको से नोरमा इंडिया आकर अपने ससुराल में सास-ससुर से मिलेगी। इसके बाद मनु भी मैक्सिको जाएगा। एक पक्ष ने पुत्रवधू तो दूसरे पक्ष ने दामाद से मुलाकात की।
आखिर, 15 मई को वो घड़ी आई, जब हरियाणा के पंचकुला के समीप एक निजी रिजोर्ट में मनु व नोरमा हिन्दू रीति-रिवाजों से परिणय सूत्र में बंध गए। इस खास मौके के लिए नोरमा की मां व भाई के अलावा सहेली भी पहुंची थी।
2023 के क्रिसमस के मौके पर नोरमा भी मेक्सिको में शादी की रिसेप्शन देगी। लेकिन इससे पहले शादी के बाद पहली “दिवाली” ससुराल में ही मनाना चाहती है, इसके लिए भी नोरमा बेहद उत्साहित है। बता दे कि पंचकूला के निजी रिसोर्ट में “मनु व नोरमा “की शादी का जश्न दो दिन तक चला।
एक अवसर पर “नोरमा” की मां भी बेटी की विदाई के लिए ठीक उसी तरह से भावुक थी, जैसा भारत में बेटी की विदाई पर होता है। 18 मई को ददाहू की खालाक्यार पंचायत में शादी का पंजीकरण हुआ। 19 मई को नाहन एसडीएम कार्यालय ने शादी का प्रमाणपत्र भी जारी किया। इस दौरान नव दंपत्ति मनु व नोरमा एसडीएम के समक्ष भी हाजिर हुआ।
नोरमा से एक सवाल किया….आपको मनु पसंद आया या भारतीय संस्कृति, इसके जवाब में मुस्कुराते हुए बोली…दोनों ही पसंद आए। नोरमा का कहना था कि वो एक फैशन प्रोड्यूसर व स्टाइलिस्ट है। इसी क्षेत्र में एक टीचर होने के नाते ही वक्तव्य के लिए सिंगापुर आई थी। इसी दौरान मनु से मुलाकात हुई।
उल्लेखनीय है कि नोरमा ने मीडिया कम्युनिकेशन में पीजी की शिक्षा भी हासिल की हुई है। नोरमा ने ये भी कहा कि हिमाचल की पारंपरिक वेशभूषा काफी पसंद आई है, चूंकि वो एक फैशन स्टाइलिंग भी हैं, लिहाजा वो धीरे-धीरे ये कोशिश करना चाहेगी कि हिमाचल के पारंपरिक परिधानों का परिचय मैक्सिको व अमेरिका में करवाया जाए।
दरअसल, ये कार्य नोरमा के लिए इस कारण भी मुमकिन हो सकता है, क्योंकि वो मैक्सिको में बुटीक संचालित करती है। परिधानों की डिजाइनिंग करने में महारत रखती है।
प्रपोज किसने किया…
इस प्रश्न पर बिंदास तरीके से मनु की तरफ उंगली करते हुए बोली…पहले दोस्ती थी, एक-दूसरे के बारे में जाना। इसके बाद मनु द्वारा पेश की गई रिंग को पहन लिया। उल्लेखनीय है कि पश्चिमी देशों में प्रपोजल के वक्त ‘रिंग’ पहनाने की भी रिवायत है।
प्यार की ये भी खूबी….
नोरमा व मनु की लव स्टोरी की एक और भी खूबी सामने आई है। नोरमा शादी के बाद मनु के साथ ऑस्ट्रेलिया में ही सेटल होने जा रही है। वो अमेरिका व मैक्सिको से अपना कारोबार समेट कर ऑस्ट्रेलिया में ही स्थापित होगी, क्योंकि ‘पतिदेव’ ये ही चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि करीब चार साल तक सिंगापुर में जाॅब के बाद मनु ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो गया था। विदेशी बहू को इंडिया में सैटल होने पर भी कोई एतराज नहीं है।
सिस्टम से प्रभावित नव दंपत्ति….
मैरिज सर्टिफिकेट को लेकर नव दंपत्ति सहयोग से बेहद प्रभावित हुआ। दंपत्ति ने कहा कि पहले ऐसा प्रतीत हो रहा था कि विवाह का पंजीकरण पेचीदा होगा। धरातल पर आकर पाया कि सिस्टम में तैनात कर्मचारियों को सामने वाले की समय की कमी का अंदाजा होता है।
पहले खालाक्यार पंचायत के सचिव ने तुरंत ही तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पंजीकरण किया। इसके बाद नाहन का कार्य मुश्किल लग रहा था। एसडीएम कार्यालय में फ्रेंडली सहयोग से नोरमा भी काफी प्रभावित हुई।
बता दे कि एसडीएम रजनेश कुमार ने स्टाफ को तुरंत ही औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। दो घंटे से भी कम समय में प्रमाणपत्र मिलने से नव दंपत्ति के चेहरे पर मुस्कुराहट थी।
दरअसल, दंपत्ति को 22 मई की रात ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट लेनी है। वहां के लिए शादी का कानूनी दस्तावेज अहम होता है। लिहाजा, इसे जारी करवाना जरूरी था। इसी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया में लीगल तौर पर “मनु व नोरमा” पति-पत्नी होंगे।
चर्चा में शादी…
श्री रेणुका जी क्षेत्र में शादी खूब चर्चा में है। मनु भी कम समय में नोरमा को हर रीति-रिवाज से वाकिफ करवा रहा है। नोरमा भी जब बुजुर्गों से मिलती है तो फौरन ही सिर पर चुन्नी डालकर पांव छूते हुए आशीर्वाद लेती है। परिवारों में भी विदेशी बहू को तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया जा रहा है।