
शिमला: कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए राजीव भवन में मतदान जारी
शिमला – नितिश पठानियां
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आज मतदान हो रहा है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए मतदान जारी है।
प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और आनंद शर्मा ने दिल्ली में मतदान किया। चुनाव पर्यवेक्षक दीपा दास मुंशी, पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने दिल्ली की जगह शिमला में मतदान किया।
मतदान करने पहुंचे कांग्रेस के चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विरोध करने वाले युवा कांग्रेसियों को चेतावनी दी है। कहा कि सभी युवा कार्यकर्ता अनुशासन में रहकर पार्टी का साथ दें।
अगर किसी ने बगावत करनी है तो जल्द अपनी स्थिति स्पष्ट करें। चौपाल से सुभाष मंगलेट की नाराजगी पर सुक्खू ने कहा कि टिकट तो किसी एक को ही मिलता है। पार्टी के हित में सभी को काम करना चाहिए ।
सुक्खू बोले- तानाशाही की हो गई है शुरूआत
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुक्खू ने कहा कि आज मतदान के माध्यम से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। कांग्रेस ही देश की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है। जो लोग खुद बड़ी पार्टी होने का दावा करते हैं.
वहां आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो चुका है और आंतरिक लोकतंत्र खत्म होते ही तानाशाही की शुरूआत हो चुकी है। कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र भी है, आंतरिक विरोध भी होता है लेकिन हम समय और परिस्थितयों के अनुसार उसका निपटारा कर लेते हैं।
22 साल बाद हो रहे चुनाव
22 साल बाद हो रहे चुनाव में पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे और केरल से लोकसभा सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला है। चुनाव परिणाम का ऐलान 19 अक्तूबर को होगा। प्रदेश कांग्रेस समितियों के नौ हजार से अधिक प्रतिनिधि गुप्त मतदान के जरिये पार्टी अध्यक्ष का फैसला करेंगे।
मतदान के लिए देशभर में 65 बूथ बनाए गए हैं। मतदान के बाद सीलबंद बक्सों को राज्यों से कांग्रेस के दिल्ली मुख्यालय लाया जाएगा। चुनाव में वरिष्ठ नेता खरगे का पलड़ा भारी माना जा रहा है। उन्हें गांधी परिवार की पसंद कहा जा रहा है। साथ ही पार्टी वरिष्ठ नेताओं का भी उन्हें समर्थन हासिल है।
