
शिमला- जसपाल ठाकुर
सेब बागवानों से पंद्रह लाख डकारने के आरोपित सुनील कुमार रतन को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। अभी तक वह तीन दिन के पुलिस रिमांड पर है। उससे रिमांड के दौरान पैसा हड़कना कबूल किया है। उसे चेतावनी दी गई कि वह सारा पैसा जल्द वापस प्रभावित बागवानों के खातों में जमा करवा दे। अगर ऐसा नहीं किया तो उसके खिलाफ सीआइडी की एसआइटी चार्जशीट तैयार करेगी। 2019 से फरार चल रहे सुनील को सीआइडी ने गिरफ्तार किया है। वह बिलासपुर के घुमारवीं का रहने वाला है।
आरोप है कि उसने जुब्बल कोटखाई ठियोग आदि क्षेत्रों के 25 बागवानों के 15 लाख रुपये हड़पे हैं। उसके दो साथियों ने पहले ही हड़पी गई धनराशि जमा करवा दी थी। यह पूरा गड़बड़झाला 50 लाख का था।
सीआइडी के एसपी वीरेंद्र कालिया ने कहा आज आरोपित को शिमला के ठियोग की अदालत में पेश किया जाएगा, क्योंकि अपराध ठियोग थाना क्षेत्र में घटित हुआ था। पहले आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला था। यह रिमांड अब पूरा हो रहा है।
गौरतलब है कि सीआइडी 130 से अधिक एफआइआर दर्ज कर चुकी है। इनमें से 80 से अधिक मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, जबकि कई मामलों में अंतिम रिपोर्ट दाखिल की गई है।
