
राकेश पठानियां ने बेहतरीन कार्य करने पर स्कूल प्रबंधन समितियों को किया सम्मानित।
नूरपुर 29 मार्च – देवांश राजपूत
समग्र शिक्षा अभियान के तहत खंड स्तरीय शिक्षा संवाद व एसएमसी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आज मंगलवार को जीएमएसएस स्कूल सदवां में किया गया। जिसमें वन, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
कार्यक्रम में नूरपुर शिक्षा खंड के 125 प्राइमरी, हाई तथा वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त पंचायतों के प्रधान, स्कूलों के एसएमसी प्रधान एवं सदस्यों सहित बच्चों के अविभावक भी उपस्थित हुए।
वन मंत्री ने कहा कि नेशनल एजुकेशन पॉलिसी- 2020 देश की शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस नीति को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई शिक्षा नीति से युवा अपनी रुचि के अनुरूप पढ़ाई कर देश को उन्नति के पथ पर आगे ले जाने में सक्षम होंगे।
पठानियां ने कहा कि नई शिक्षा नीति को सही मायनों में धरातल पर पहुंचाने में अब शिक्षकों की अहम जिम्मेदारी है और प्रदेश का शिक्षक वर्ग इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समितियों का बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ स्कूलों में गतिविधियों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
्उन्होंने कहा कि एसएमसी स्कूलों में तीसरी आंख की तरह काम करती है, जो बच्चों के हित में बेहतर कार्य करने के साथ -साथ स्कूल प्रबंधन पर पूरी नजर रखती हैं।
उन्होंने स्कूलों में बेहतर कार्य करने के लिए एसएमसी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने कोरोना कालखंड के दौरान बेहतरीन कार्य किया है।
वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा पर बजट को दोगुना किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में प्रदेश सरकार द्वारा अच्छी शिक्षा, बेहतर अधोसरंचना, श्रेष्ठ अध्यापक और सभी मूलभूत जरूरतों की उपलब्धता को सुनिश्चित किया गया है ।
जिस कारण सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या में हर वर्ष बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने अध्यापकों से बच्चों के चरित्र निर्माण तथा उनके कौशल विकास के लिए विशेष ध्यान देने पर बल दिया।
समग्र शिक्षा अभियान की डाईट कांगड़ा की एसएमसी की जिला कोऑर्डिनेटर डॉ अदिति गुलेरी, ब्लॉक प्रोजेक्ट ऑफिसर एवम बीटीसी जीएसएस स्कूल की प्रधानाचार्य चंद्ररेखा शर्मा, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंद्र धीमान ने भी अपने विचार किये।
इस अवसर पर वन मंत्री ने बेहतर कार्य करने के लिए स्कूल प्रबंधन समितियों को सम्मानित किया।
घोषणाएं
उन्होंने सदवां स्कूल के लिए तीन अतिरिक्त कमरे बनाने तथा वाशरूम बनाने के लिए तीन लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने खज्जन तथा हार स्कूलों के लिए दो-दो कमरे बनाने की भी घोषणा की।
ये रहे मौजूद
नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक शर्मा(शिबू), नगर पार्षद अश्वनी (डफ्फा), उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंद्र धीमान, डाईट कांगड़ा की एसएमसी कोऑर्डिनेटर डॉ अदिति गुलेरी, खण्ड प्राइमरी शिक्षा अधिकारी प्रवीण शारदा, सदवां पंचायत के प्रधान पवन कुमार, उपप्रधान राजेश शर्मा(कुकी), स्कूल प्रिंसिपल अनिल कुंद्रा, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रविंद्र चौधरी, भाजपा नेता सिकंदर राणा, सुरेंद्र पठानिया सहित पंचायतों के प्रधान, स्कूलों के एसएमसी प्रधान एवम सदस्य , विभागों के अधिकारी तथा बच्चों के अविभावक उपस्थित रहे।
