
शाहपुर – नितिश पठानियां
वरिष्ठ नेता मेजर विजय सिंह मनकोटिया की मौजूदगी में शाहपुर कांग्रेस की राहें आसान नहीं रहने वाली हैं। हालांकि पहले केवल सिंह पठानिया का टिकट तय माना जा रहा था। लेकिन अब इस सीट में भी पेंच फंस गया है और अभी तक पार्टी हाईकमान ने सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
अब हाईकमान के पास केवल सिंह पठानिया के साथ-साथ जिला परिषद सदस्य पंकज कुमार पंकू का नाम भी आगे चल रहा है। पार्टी हाईकमान किसे टिकट देती है, यह बाद की बात है। लेकिन मेजर विजय सिंह मनकोटिया पुराना बर्तन वापस करने और हिसाब चुकता करने की नियत से मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने अभी तक यह भी तय नहीं किया है कि वह धर्मशाला से चुनाव लड़ेंगे या फिर शाहपुर से चुनाव लड़ेंगे। अभी यह तय होना बाकी है। लेकिन शाहपुर कांग्रेस के नेता को औना बौना कहकर संबोधित कर चुके हैं और हिसाब चुकता करने की बात कही है। ऐसे में मेजर विजय सिंह मनकोटिया का अगला कदम ही शाहपुर में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के जीत हार का समीकरण बना देगा।
पठानिया और मनकोटिया की लड़ाई, सरवीन तीन बार से लगातार विजेता
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस टिकट के लिए कई तलबगार सामने आने लगे हैं। जबकि भाजपा से सरवीन चौधरी की हुंकार है। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति को देखें तो पिछले कुछ चुनावों में मनकोटिया व केवल सिंह पठानिया की आपसी लड़ाई का फायदा सरवीन चौधरी को मिलता आया है।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की बात करेंगे तो सरवीन चौधरी पिछले 15 सालों से यहां पर लगातार जीत रही हैं। खैर भाजपा से भी कमल शर्मा ने टिकट के लिए दावेदारी जताई है।
कांग्रेस में टिकट के कई तलबगार
कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस से केवल सिंह पठानिया व पंकज कुमार पंकू लंबे समय से जनसंपर्क में जुटे हैं। पार्टी हाईकमान तक सीधी पहुंच है। वहीं, कांग्रेस टिकट के लिए मनोज ठाकुर, हंसराज ठाकुर, कर्ण परमार, ओंकार राणा, जितेंद्र गुलेरिया व रक्षा जसवाल टिकट मांग रहे हैं।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में कब कौन जीता
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 1982, 1985, 1990 व 1993 में मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने जीत हासिल की। 1998 में सरवीन चौधरी भाजपा से विजय रहीं। वर्ष 2003 फिर विजय सिंह मनकोटिया भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जीते। वर्ष 2007, 2012 व 2017 में लगातार भाजपा से सरवीन चौधरी विजयी रहीं। वर्तमान में प्रदेश सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री हैं।
