
नाहन, 06 जून – नरेश कुमार राधे
पुलिस विभाग में कार्यरत हैड कांस्टेबल राहुल पंवार को विश्व हिंदू परिषद ने सम्मानित किया है। शहर के यातायात सुचारू रखने के लिए अनूठे अंदाज से दी जा रही सेवाओं को देखते हुए उन्हें पुरस्कृत किया गया।
विहिप के जिला महामंत्री विभोर कुमार, जिला गौरक्षा प्रमुख सतीश कुमार, चंद्रशेखर थापा, सुनील दत्त, बजरंग दल प्रखंड संयोजक शुभम सैनी ने राहुल पंवार को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
जिला महामंत्री विभोर कुमार ने कहा कि पुलिस को ऐसे ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों की जरूरत है। राहुल पंवार के अंदाज का पूरा शहर दीवाना हो चुका है।
रानीताल गेट से डाइट नाहन तक यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में हैड कांस्टेबल राहुल शानदार भूमिका अदा कर रहे हैं। दिनभर चलते रहते हैं। बुजुर्गों और बच्चों के हाथ पकड़कर सड़क पार करवाते हैं। यातायात व्यवस्था को बेहतरीन तरीके से सुचारू रख रहे हैं। जो भी इनके कार्य को देखते हैं प्रशंसा किए बगैर नहीं रहते।
उन्होंने कहा कि यह ख़ुशी की बात है कि शहर में इस तरह के पुलिस कर्मी भी हैं, जो पुलिस विभाग के साथ-साथ शहर का नाम ऊंचा कर रहे हैं। इस अवसर पर विहिप ने जिला प्रशासन से गौरा भवन चौक पर पुलिस बूथ स्थापित करने की भी मांग की।
