
नगरोटा सुरिया, मुनीश पॉल
घर में लड़की की शादी की तैयारियां चल रही हैं और परिवार के तीन सदस्य लड़की के पिता, माता तथा भाई करोना पॉजिटिव आ जाते हैं। ऐसे में क्या होगा। जी हां, नगरोटा सूरियां में एक परिवार के साथ ऐसी विचित्र स्थिति पेश आई है। धरी रह गई तैयारियों के बीच आखिर शादी तो होनी ही थी। इस पर लड़की की शादी की पूरी रस्में लड़की की बड़ी बहनों तथा उसके जीजा ने पूरी की और शादी घर की बजाय दूसरी जगह जाकर की गई।
सिर्फ 15 लोग ही शादी में शामिल हुए । लड़की की ओर से 5 लोग और लड़के की ओर से 10 लोग शादी में पहुंचे। न माता, न पिता, न भाई इस शादी में थे। शादी के 2 दिन पहले परिवार के सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए। घर में नए मकान की प्रतिष्ठा हो रही थी और खाने पीने का सामान भी तैयार था। कुछ मेहमान भी पहुंच चुके थे, लेकिन एक दिन पहले लड़की के पिता का करोना टेस्ट हुआ और वह पॉजिटिव पाए गए और पंचायत के प्रतिनिधि वहां पहुंच गए।
उसके बाद भाई तथा माता का भी टेस्ट हुआ और बाकी परिवारों का भी, लेकिन घर के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव निकले। ऐसे में शादी तथा घर के इस समारोह में सब कुछ अस्त व्यस्त हो गया। कोई भी रिश्तेदार शादी में नहीं आया। जो खाना बनाया गया था, उसे फेंकना पड़ा। इस कठिन समय में लड़की और उसकी बड़ी दो बहनें और जीजा आए। उन्होंने दूल्हे के घर के निकट पूरी रस्में अदा करके शादी समारोह को मुकम्मल किया।
खास बात यह कि इसमें लड़के के उस परिवार ने भी लड़की वालों का पूरा साथ दिया और उन्होंने भी कहा कि डरने की कोई बात नहीं और उन्होंने भी कहा की शादी बिल्कुल सादे समारोह और सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार ही होगी। यह तय हुआ कि न कोई बैंड बाजा, न ही बारात, केवल 15 सदस्य ही परिवार के आएंगे। मार्मिक पहलू यह भी है कि बेटी को शादी के लिए दूसरी जगह ले जाया जा रहा था तो माता.पिता व भाई दूर से मजबूरीवश देख रहे थे। सभी का रो रो कर बुरा हाल था । आखिर कोरोना महामारी के दौरान यह कैसी विडंबना है। इस बीमारी में एक दूसरे को व्यक्ति छू भी नहीं सकता।
