
लपियाना से मंधुनाला सम्पर्क सड़क के लिए लोग 13 साल से कर रहे संघर्ष, लोक निर्माण विभाग अतिक्रमण को हटवाने में नाकाम।
शाहपुर – नितिश पठानियां
1965 के युद्ध में शहीद प्रताप सिंह की पत्नी लज्या देवी सहित अन्य लोग प्रशासन में मंधुनाला सम्पर्क सड़क को फिर से बहाल करने और पक्का करने की मांग उठाई हैं, लेकिन 13 साल से कोई नहीं सुन रहा।
लज्या देवी सहित ग्रामीण सभी विभागों से सड़क निकलने का आग्रह कर चुके है लेकिन किसी भी विभाग के कान पर अभी तक कोई जूँ तक नहीं रेंगी।
एक तरफ सरकारें शहीदों के परिवारों को हर सम्भव सहायता दे रही है। दूसरी और शाहपुर विधानसभा की परगोड़ पंचायत के लपियाना बाजार से मंधुनाला सम्पर्क सड़क पर जेसीवी लगाने और पक्का करने के लिए 2009 से शहीद की वीर नारी अभी तक संघर्षरत है।
स्थानीय निवासी किशोरी लाल ने कहा है कि ये सड़क रानीताल से 32 मिल स्टेट हाइवे का हिस्सा थी। परन्तु दूसरी तरफ से सड़क बनने से उस सड़क को बंद कर दिया था।
लेकिन ग्रामीणों की आवाजाही चली रहती थी तथा समय समय पर विभाग द्वारा इसकी मुरम्मत की जाती थी। कालांतर में कुछ लोगों ने इस सड़क के एक हिस्से पर बाड़ लगाकर बंद कर दिया था।
2014 में कुछ स्थानीय लोगों ने विभाग पर केस लगा दिया लेकिन कुछ ही दिनों में इसका निर्णय विभाग व सड़क की लड़ाई लड़ रहे लोगों के हक में आया।लेकिन अभी भी कुछ रसूखदारों ने सड़क पर अवैध तरीके से अतिक्रमण कर रखा है।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त कांगड़ा, अधिशासी अभियंता, शहरी विकास मंत्री एवं राजस्व विभाग व् स्थानीय विधायिका से जनमंचों में गुहार लगा चुके है ।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी सम्पर्क करने पर हाल ही में निशानदेही विभाग द्वारा की गई है तथा जितने लोगों ने अतिक्रमण किया था, वहां निशान भी लगा दिए है। फिर भी लोक निर्माण विभाग अतिक्रमण को हटाने में नाकाम रहा है।
स्थानीय लोगों की हालत इस क़द्दर है कि उनकों अपनी जमीनों तक ट्रैक्टर ले जाने या किसी बीमार को मुख्य सड़क तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है|
ग्रामीण जोगिंदर सिंह राणा, केवल सिह, जर्म सिंह, उधम सिंह प्यार सिंह ,नरेश कुमार, अभय राणा,प्यार सिंह, राकेश कुमार, प्रवीण, नीलम कुमारी, सोमा देवी, सलोचना देवी ने सरकार व प्रशासन से गुहार लगाई है कि रास्ते को जल्द से जल्द खुलवाया जाए तथा जो लोक निर्माण विभाग की जमीन पर अतिक्रमण किया हुआ है उसको भी हटवाया जाए।
पंचायत प्रधान के बोल
इस बारे में पंचायत प्रधान परगोड़ हेमराज से बात हुई, तो उन्होंने बताया की ये रास्ता लोक निर्माण विभाग के तहत आता है और डेढ़ किलोमीटर इसकी लम्बाई है।
जिसमे 1 किलोमीटर रास्ता क्लियर हो चूका है लेकिन बचे हुए आधा किलोमीटर पर लोगों द्वारा अतिक्रमण किया है। कई बार विभाग निशानदेही करवा चुके है लेकिन आज तक विभाग कोई हल नहीं निकाल पाया ।
लोक निर्माण विभाग को चाहिए की अपने रास्ते पर किए गए लोगों द्वारा अतिक्रम को हटवाए ।
अधिकारी के बोल
इस बारे में सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग शाहपुर बलबीत कुमार से बात हूई, तो उन्होंने बताया कि तहसीलदार को निशान देही के लिए कहा गया था। जिसकी रिपोर्ट आ गई है, जल्द ही अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
