
पालमपुर- बर्फू
कार्यालय में शराब की पार्टी करते वायरल हुए वीडियो के मामले में प्रशासन अपने स्तर पर जांच करेगा। हालांकि वीडियो करीब दो साल पुराना बताया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने वीडियो में सामने आए करीब 12 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा था। अब कर्मचारियों का जवाब प्रशासन को मिल गया है।
प्रशासन ने कारण बताओ नोटिस में कर्मचारियों से पूछा था कि सरकारी कार्यालय में पार्टी किस उद्देश्य से की थी व इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ शिकायत क्यों नहीं की थी। यहां तक कि पार्टी की इजाजत दिए जाने को लेकर भी संबंधित कर्मचारियों से जबावतलब किया था। प्रशासन ने 10 दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया था।
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने जवाब में उक्त पार्टी कार्यालय में आयोजित किए जाने से इन्कार किया है। हालांकि वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पार्टी कार्यालय में बैठकर ही की गई थी। अब प्रशासन कर्मचारियों के जवाब से संतुष्ट नहीं है और अपने स्तर पर जांच करने पर विचार कर रहा है।
उधर एसडीएम पालमपुर डाक्टर अमित गुलेरिया ने नोटिस का जवाब मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी कुछ लोगों के जवाब लंबित हैं। जवाब मिलते ही रिपोर्ट जिला उपायुक्त को सौंप दी जाएगी।
