
कांगड़ा – राजीव जसवाल
विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य पर आज एमसी ग्राउंड कांगड़ा में नेहरू युवा केंद्र की तरफ से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। साइकिल रैली का आयोजन नेहरू युवा केंद्र धर्मशाला की ओर से किया गया।
इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ राजेश शर्मा यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स के डायरेक्टर मौके पर मौजूद रहे। मुख्य अतिथि का यहां पहुंचने पर एसडीएम कांगड़ा आईएएस नवीन तंवर द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट करके स्वागत किया गया।
साइकिल रैली के आयोजन में लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने कांगड़ा के एमसी ग्राउंड से मटौर तक और वहां से वापिस कांगड़ा एमसी ग्राउंड तक की दूरी तय की। प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा फ्लैग दिखाकर साइकिल रैली का शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि ने आज के इस महत्वपूर्ण मौके पर साइकल का मनुष्य के जीवन में किस प्रकार एक पॉजिटिव प्रभाव है इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में साइकिल का प्रयोग करना चाहिए।साइकलिंग करने से बेहतर एक्सरसाइज कोई नहीं है।साइकिलिंग करने से मनुष्य का शरीर फिट रहता है।
वर्तमान समय में गाड़ियों का अंधाधुंध प्रयोग हो रहा है। जिसके कारण उनके द्वारा निकलने वाला धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। अतः वातावरण को शुद्ध रखने के लिए भी साइकिल का प्रयोग आज के समय की जरूरत बन गया है।
साइकिल रैली के अतिरिक्त इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
साइकिल रैली में जीतने वालों और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वालों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
विश्व साइकिल दिवस के इस मौके पर मुख्य अतिथि सहित एसडीएम कांगड़ा आईएएस नवीन तंवर, जिला युवा अधिकारी नरेश शर्मा, कार्यक्रम सहायक नीलम चौधरी, प्रधानाचार्य सुनील कांत चड्ढा, प्रधानाचार्य सीमा मेहता और प्रतिभागी मौजूद रहे।
